scorecardresearch
Saturday, 28 November, 2026
होमदेशभोपाल में 12 दिसंबर को ‘संविधान बचाओ मार्च’ में शामिल होंगे खरगे, राहुल, अखिलेश और ममता

भोपाल में 12 दिसंबर को ‘संविधान बचाओ मार्च’ में शामिल होंगे खरगे, राहुल, अखिलेश और ममता

Text Size:

भोपाल, 28 नवंबर (भाषा) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव और पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सहित विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन के प्रमुख नेता 12 दिसंबर को भोपाल में आयोजित ‘संविधान बचाओ मार्च’ में शामिल होंगे।

मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी (एमपीसीसी) ने बताया कि इस कार्यक्रम में एक लाख से डेढ़ लाख लोगों के शामिल होने की संभावना है। पार्टी ने मार्च के आयोजन के लिए भोपाल के लाल परेड मैदान की मांग की है। कांग्रेस के मीडिया समन्वयक अभिनव बरोलिया ने शनिवार को यह जानकारी दी।

कांग्रेस ने इससे पहले दिसंबर में कथित ‘वोट चोरी’ और संविधान की रक्षा के मुद्दे पर देशव्यापी आंदोलन शुरू करने की घोषणा की थी। इस आंदोलन का नेतृत्व राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा कर सकती हैं।

कांग्रेस की मध्यप्रदेश इकाई के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा था कि लोकतंत्र की रक्षा करना और प्रत्येक नागरिक के मतदान के अधिकार को सुरक्षित रखना पार्टी की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

बरोलिया ने बताया कि मार्च की शुरुआत डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ होगी। राहुल गांधी संविधान निर्माता को श्रद्धांजलि देंगे। इसके बाद मार्च जिला अदालत, पुरानी जेल और कंट्रोल रूम के सामने से गुजरते हुए लाल परेड मैदान पहुंचेगा, जहां जनसभा होगी।

कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने कहा कि पार्टी आयोजन स्थल को लेकर प्रशासन के फैसले का इंतजार कर रही है।

उन्होंने आशंका जताई कि भोपाल में भी कार्यक्रम के आयोजन में बाधाएं पैदा की जा सकती हैं, जैसा कि कथित तौर पर इंदौर में राहुल गांधी के कार्यक्रम के सिलसिले में हुआ था। उन्होंने कहा कि आयोजन स्थल को लेकर बार-बार अनिश्चितता से तैयारियों पर असर पड़ेगा।

नायक ने कहा कि मंच, ध्वनि व्यवस्था, अवरोधक और अन्य इंतजाम करने के लिए पार्टी को रैली से कम से कम सात दिन पहले मैदान उपलब्ध कराया जाना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से समय रहते आयोजन स्थल आवंटित करने का अनुरोध किया, ताकि सभी तैयारियां पूरी की जा सकें।

नायक और पार्टी के अन्य पदाधिकारियों के नेतृत्व में कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मोनिका शुक्ला से मुलाकात की और आयोजन की अनुमति देने तथा मैदान उपलब्ध कराने के संबंध में ज्ञापन सौंपा।

नायक ने बताया कि शुक्ला ने प्रतिनिधिमंडल को जानकारी दी कि अनुमति की प्रक्रिया के लिए यातायात विभाग और सातवीं बटालियन के साथ समन्वय करना होगा।

उन्होंने कहा कि नियमानुसार आवेदन पुलिस मुख्यालय के माध्यम से बटालियन को भेजा जाएगा और शनिवार या रविवार तक पार्टी को फैसले से अवगत करा दिया जाएगा।

भाषा

दिमो नेत्रपाल रवि कांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments