नयी दिल्ली, 12 जनवरी (भाषा ) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी के कई अन्य नेताओं ने बृहस्पतिवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव के निधन पर दुख जताया और उनके परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।
खरगे ने ट्वीट किया, ‘देश की समाजवादी धारा के वरिष्ठ नेता, जद(यू) के पूर्व अध्यक्ष, श्री शरद यादव जी के निधन से दुःखी हूं।’
उन्होंने कहा, ‘एक पूर्व केंद्रीय मंत्री व दशकों तक एक उत्कृष्ट सांसद के तौर पर देश सेवा का कार्य कर, उन्होंने समानता की राजनीति को मजबूत किया। उनके परिवार एवं समर्थकों को मेरी गहरी संवेदनाएं।”
वरिष्ठ नेता और जनता दल (यूनाइटेड) के पूर्व अध्यक्ष शरद यादव का गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। उनके परिवार के लोगों ने यह जानकारी दी। यादव 75 वर्ष के थे।
राजस्थान के मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने ट्वीट किया, ‘वरिष्ठ समाजवादी नेता एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री श्री शरद यादव के निधन का समाचार दुखद है। मैं ईश्वर से उनकी आत्मा की शान्ति एवं परिवार को संबल देने की कामना करता हूं।’
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा ने कहा, ‘मेरे मित्र, अनुभवी नेता व संसद में हमारे सहयोगी शरद यादव जी के निधन पर गहरा दुख हुआ। वह एक प्रतिष्ठित छात्र नेता थे जो सार्वजनिक जीवन में सर्वोच्च ऊंचाइयों तक पहुंचे। वह एक स्पष्टवादी नेता थे और समावेशी भारत के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध थे।’
भाषा हक अविनाश
अविनाश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
