त्रिशूर (केरल), 20 मार्च (भाषा) केरल के त्रिशूर में विभिन्न अदालतों द्वारा अलग-अलग अवधि की कारावास की सजा सुनाए जाने के बाद वर्षों से फरार 100 से अधिक दोषियों को पुलिस ने पकड़ा है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि पकड़े गए लोगों में 2001, 2007 और 2009 के मामलों में सजा पाए दोषी शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि ग्रामीण जिला पुलिस प्रमुख बी. कृष्णकुमार के नेतृत्व में चलाए गए विशेष अभियान ‘ऑपरेशन आयरन ग्रिप’ में दोषियों को पकड़ा गया।
पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए सभी अपराधियों को विभिन्न अदालतों में पेश किया गया।
पुलिस ने बताया कि पकड़े गए अपराधियों में वे भी शामिल हैं, जो दो दशकों से पुलिस से बचते आ रहे थे।
संबंधित अदालतों ने वर्ष 2001, 2007, 2009 व 2015 में त्रिशूर जिले के विभिन्न थानों में दर्ज अपराधों के कई मामलों और वर्ष 2000 से 2018 तक चेक बाउंस की घटनाओं में फरार हुए दोषियों की गिरफ्तारी के लिए गैर-जमानती वारंट जारी किए थे।
फरार आरोपियों को विशेष जांच टीमों ने विभिन्न थानाक्षेत्रों से गिरफ्तार किया और विभिन्न अदालतों के समक्ष पेश किया।
कृष्णकुमार ने एक बयान में बताया कि समाज के शांतिपूर्ण माहौल को भंग करने वालों और कानून का उल्लंघन करके छिपने वालों के खिलाफ आने वाले दिनों में कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
भाषा जितेंद्र शोभना
शोभना
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
