scorecardresearch
Friday, 24 April, 2026
होमदेशकेरल : मुंडाथिकोड में विस्फोट स्थल से और मानव अंग बरामद हुए; तलाशी जारी

केरल : मुंडाथिकोड में विस्फोट स्थल से और मानव अंग बरामद हुए; तलाशी जारी

Text Size:

त्रिशूर, 24 अप्रैल (भाषा) त्रिशूर जिले के मुंडाथिकोड में तलाशी अभियान के दौरान शरीर के और भी अंग बरामद किए गए हैं, जहां पटाखे बनाने वाली इकाई में हुए विस्फोट में 14 लोग मारे गए और चार लोग अभी भी लापता हैं। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, बृहस्पतिवार को पुलिस कर्मियों और खोजी कुत्तों की मदद से चलाए गए तलाशी अभियान में बड़ी संख्या में मानव अंग बरामद हुए, जिसके चलते अधिकारियों ने लगातार दूसरे दिन भी तलाशी जारी रखने का फैसला किया है।

उन्होंने बताया कि सुबह करीब 125 कर्मियों और पांच खोजी कुत्तों की मदद से अभियान फिर से शुरू किया गया।

पुलिस ने बताया कि विस्फोट स्थल से पांच अतिरिक्त मानव अंग बरामद किए गए। अब तक लगभग 132 मानव अंग मिले हैं और उन्हें त्रिशूर मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है, जहां डीएनए परीक्षण के बाद उन्हें सुरक्षित रखा जाएगा।

पुलिस ने बताया कि विशेषज्ञों की एक टीम बरामद अवशेषों से डीएनए के नमूने निकालने और लापता व्यक्तियों के रिश्तेदारों से एकत्र किए गए नमूनों से उनका मिलान करने के लिए काम कर रही है।

मुंडाथिकोड में 21 अप्रैल की दोपहर धान के खेतों के बीच एक अलग-थलग इलाके में बने अस्थायी शेड में पटाखे बनाए जा रहे थे और उसी दौरान विस्फोट हो गया।

पुलिस के अनुसार, घटना के समय स्थल पर करीब 38 लोग मौजूद थे। इनमें से 14 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि चार अन्य अब भी लापता हैं।

भाषा तान्या मनीषा

मनीषा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments