scorecardresearch
Thursday, 22 October, 2026
होमदेशकेसी वेणुगोपाल ने अलप्पुझा में रेलवे रखरखाव डिपो बंद होने की जताई आशंका

केसी वेणुगोपाल ने अलप्पुझा में रेलवे रखरखाव डिपो बंद होने की जताई आशंका

Text Size:

अलप्पुझा, 22 अक्टूबर (भाषा) कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने आशंका जताई कि धनबाद एक्सप्रेस का तिरुवनंतपुरम तक विस्तार करने का रेलवे का प्रस्ताव अलप्पुझा में रखरखाव डिपो को बंद करने और रेल लाइन के दोहरीकरण के नाम पर उसकी पिट लाइन को हटाने की योजना का हिस्सा है।

अलप्पुझा से सांसद वेणुगोपाल ने बुधवार रात फेसबुक पर एक पोस्ट में कहा कि मौजूदा रेलवे बुनियादी ढांचे को हटाने से तटीय जिले में रेलवे के विकास पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।

उन्होंने कहा, ‘‘ ऐसे समय में जब केरलम में कोच रखरखाव केंद्रों में जगह की भारी कमी है, मौजूदा और चालू बुनियादी ढांचे को हटाना तर्कसंगत नहीं है।’’

वेणुगोपाल ने कहा कि उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर अलप्पुझा में रेलवे के विकास पर प्रतिकूल असर डालने वाले किसी भी कदम का विरोध किया है।

उन्होंने रेल मंत्री से यांत्रिक विभाग की सिफारिशों पर विचार करने, दक्षिण रेलवे की इंजीनियरिंग योजना में आवश्यक बदलाव करने और अलप्पुझा यार्ड में ही आधुनिक सुविधाओं से युक्त नयी पिट लाइन बनाने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि धनबाद-अलप्पुझा एक्सप्रेस एकमात्र ऐसी ट्रेन है जो अलप्पुझा से शुरू होती है और वहीं अपनी यात्रा समाप्त करती है। उन्होंने जोर दिया कि अलप्पुझा इसका प्रारंभिक और अंतिम स्टेशन बना रहना चाहिए।

हाल ही में रेलवे ने धनबाद एक्सप्रेस की दैनिक सेवा का तिरुवनंतपुरम तक विस्तार करने की घोषणा की थी। यात्रियों ने इस कदम का स्वागत किया था, क्योंकि इससे एर्नाकुलम और राज्य की राजधानी के बीच यात्रा संबंधी परेशानियां कम होने की उम्मीद है।

वेणुगोपाल ने उम्मीद जताई कि रेल मंत्रालय इस मामले में जल्द से जल्द हस्तक्षेप करेगा।

भाषा शोभना

शोभना

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments