बेंगलुरु, 19 अप्रैल (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्रियों की एक मजबूत टीम अगले महीने होने वाले कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के 40 स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल हैं।
पार्टी द्वारा जारी सूची के अनुसार केंद्रीय मंत्रियों में राजनाथ सिंह, अमित शाह, नितिन गडकरी, निर्मला सीतारमण, स्मृति ईरानी, धर्मेंद्र प्रधान, मनसुख मंडाविया और प्रह्लाद जोशी शामिल हैं।
आदित्यनाथ के अलावा मध्य प्रदेश और असम के मुख्यमंत्री क्रमश: शिवराज सिंह चौहान और हिमंत विश्व शर्मा तथा महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को शामिल किया गया है।
मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई, कर्नाटक भाजपा के कद्दावर नेता बी एस येदियुरप्पा, पूर्व मुख्यमंत्री डी वी सदानंद गौड़ा, कर्नाटक के कुछ मंत्री और राज्य के पार्टी नेता भी सूची में शामिल हैं।
कर्नाटक में सत्तारूढ़ भाजपा सत्ता बरकरार रखने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। विपक्षी कांग्रेस भी सत्ता में लौटने के प्रयासों में कोई कोर कसर नहीं छोड़ रही है वहीं जनता दल (सेक्युलर) भी तीसरी ताकत के रूप में अपनी स्थिति मजबूत करने में लगी है। राज्य में 10 मई को मतदान होना है जबकि चुनाव के नतीजे 13 मई को घोषित किए जाएंगे।
भाषा ब्रजेन्द्र ब्रजेन्द्र मनीषा
मनीषा
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.