बेंगलुरु, 22 अक्टूबर (भाषा) कर्नाटक के बेंगलुरु में अवैध संबंध के संदेह में 25 वर्षीय पत्नी की कथित तौर पर हत्या कर शव को नाले में फेंकने के लिए उसके पति को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, बिहार की रहने वाली रुखसाना का क्षत-विक्षत शव 13 अक्टूबर को मागड़ी रोड थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक बरसाती नाले में मिला था।
पुलिस ने बताया कि उसके पति मोहम्मद इरफाज ने 10 अक्टूबर को उसकी कथित तौर पर हत्या कर दी थी।
पुलिस के मुताबिक, इरफाज ने एक विवाद के दौरान रुखसाना के सिर पर पत्थर से वार किया और शव को एक बैग में भरकर नाले में फेंक दिया।
पुलिस ने बताया कि दोनों की शादी करीब एक साल पहले हुई थी और वे लगभग छह महीने पहले बेंगलुरु आए थे।
पुलिस के मुताबिक, यहां दोनों कपड़ा कारखानों में काम करते थे।
पुलिस के अनुसार, रुखसाना शादीशुदा थी और उसकी पहली शादी से एक बच्चा भी है।
पुलिस ने बताया कि पहले पति से अलग होने के बाद उसकी मुलाकात बिहार में इरफाज से हुई थी और बाद में दोनों को एक-दूसरे से प्यार हो गया।
पुलिस के मुताबिक, इरफाज को संदेह था कि उसकी पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति से अवैध संबंध हैं, क्योंकि वह अक्सर फोन पर लोगों से बात करती थी और इस बात को लेकर दोनों के बीच नियमित रूप से विवाद होते थे।
पुलिस ने बताया कि 10 अक्टूबर को दोनों के बीच विवाद बढ़ गया, जिसके बाद इरफाज ने रुखसाना के सिर पर पत्थर से कथित तौर पर वार कर दिया।
पुलिस के मुतााबिक, शव को ठिकाने लगाने के लिए आरोपी ने एक अज्ञात व्यक्ति की मोटरसाइकिल का हैंडल लॉक कथित तौर पर तोड़ा और शव को बैग में भरकर मोटरसाइकिल पर लादकर धकेलते हुए ले गया।
पुलिस ने 13 अक्टूबर को शव मिलने के बाद महिला की पहचान और आरोपी का पता लगाने के लिए विशेष टीम गठित की।
जांच के दौरान पुलिस को स्थानीय निवासियों से सूचना मिली कि गोपालपुरा के एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी के लापता होने की शिकायत की है।
पूछताछ के दौरान इरफाज ने पुलिस को बताया कि रुखसाना बिहार स्थित अपने पैतृक स्थान लौट गई है और मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं कर रही है।
हालांकि, उसके बयान में विरोधाभास पाए जाने के बाद पुलिस ने आगे की पूछताछ के लिए उसे हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान इरफाज ने कथित तौर पर हत्या की बात कबूल कर ली।
एक अधिकारी ने बताया कि मागड़ी रोड थाने में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
भाषा राखी जितेंद्र
जितेंद्र
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.