scorecardresearch
Wednesday, 15 April, 2026
होमदेशकांग्रेस की कर्नाटक इकाई के अल्पसंख्यक विभाग के प्रमुख ने इस्तीफा दिया

कांग्रेस की कर्नाटक इकाई के अल्पसंख्यक विभाग के प्रमुख ने इस्तीफा दिया

Text Size:

बेंगलुरु, 11 अप्रैल (भाषा) कांग्रेस की कर्नाटक इकाई के अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष के. अब्दुल जब्बार ने शनिवार को पद से इस्तीफा देने की घोषणा की।

मुस्लिम नेताओं के एक समूह द्वारा अपनी ही पार्टी के सदस्यों पर दावणगेरे दक्षिण में आधिकारिक उम्मीदवार को हराने की ‘‘साजिश’’ रचने का आरोप लगाने के एक दिन बाद यह घोषणा की गई।

विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) जब्बार दावणगेरे दक्षिण विधानसभा क्षेत्र से पार्टी टिकट के लिए दावेदार थे।

जब्बार ने पार्टी को लिखे एक पत्र में कहा, ‘‘केपीसीसी के अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष के रूप में सेवा करना मेरे लिए सम्मान की बात रही है। मैंने विधानसभा चुनाव 2023 और उसके बाद संसद चुनाव तथा ऐसे कई अवसरों पर अपनी पूरी क्षमता से काम किया है, जब भी पार्टी को अल्पसंख्यक विभाग की आवश्यकता पड़ी। मैंने कर्नाटक राज्य के पूरे क्षेत्र का दौरा किया और अल्पसंख्यकों को कांग्रेस के मूल्यों और सिद्धांतों से जोड़ने के लिए काम किया है। इसका ज्यादातर विवरण सार्वजनिक रूप से उपलब्ध है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘अल्पसंख्यक मतदाता और अल्पसंख्यक पदाधिकारी हमारी महान कांग्रेस पार्टी की रीढ़ हैं और निश्चित रूप से वे बेहतर के हकदार हैं।’’

कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं उपमुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने जब्बार के इस्तीफे की पुष्टि की।

उन्होंने आंतरिक साजिश से संबंधित एक सवाल के जवाब में पत्रकारों से कहा, ‘‘मैं अभी इस बारे में बात नहीं करूंगा, मुझे कुछ सूचना मिली है। अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष ने अपना इस्तीफा सौंपा है। मैं चीजों की पुष्टि करूंगा, स्थानीय नेताओं से रिपोर्ट लूंगा, उसके बाद ही बोलूंगा।’’

कर्नाटक विधानसभा की दो सीट पर उपचुनाव के एक दिन बाद शुक्रवार को मुस्लिम नेताओं के एक समूह ने दावणगेरे दक्षिण में आधिकारिक उम्मीदवार को हराने के लिए अपनी ही पार्टी के कुछ वरिष्ठ नेताओं द्वारा रची गई ‘‘साजिश’’ का आरोप लगाया।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, इन मुस्लिम नेताओं ने एआईसीसी और राज्य पार्टी नेतृत्व से भी शिकायत की है, जिसमें उन्होंने दावणगेरे दक्षिण में ‘‘आंतरिक साजिश’’ का आरोप लगाया है।

भाषा

देवेंद्र पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments