बेलगावी, 11 अप्रैल (भाषा) कर्नाटक के बेलगावी से दो लोगों को एक ‘डिजिटल गिरफ्तारी’ धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार किया गया है, जिसमें 81-वर्षीय एक व्यापारी ने कथित तौर पर 15 करोड़ रुपये से अधिक गंवा दिया था। धोखेबाजों ने खुद को सीबीआई अधिकारी बताते हुए व्यापारी पर एक वित्तीय अपराध में शामिल होने का आरोप लगाया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान वेंकटेश शरत नाइक और देगावत श्रीपद नाइक के रूप में हुई है, जो हैदराबाद के निवासी हैं। यह गिरफ्तारी हाल ही में जांचकर्ताओं द्वारा की गई एक कार्रवाई के दौरान की गई।
बेलगावी सिटी साइबर अपराध पुलिस थाने में 18 मार्च को दर्ज किए गए मामले की विस्तृत जांच के बाद उनकी गिरफ्तारी हुई।
पुलिस के अनुसार, जांचकर्ताओं ने हैदराबाद, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, गुजरात और पश्चिम बंगाल में फैले 10 लाभार्थी खातों का पता लगाया। हैदराबाद के एक खाते में दो करोड़ रुपये के हस्तांतरण से जांच में अहम सफलता मिली, जिसके बाद छह अप्रैल को साइबर कमांड यूनिट की एक टीम ने हैदराबाद में कई स्थानों पर छापेमारी की, जिसमें दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया।
भाषा तान्या सुरेश
सुरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
