नयी दिल्ली, नौ अक्टूबर (भाषा) अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने शुक्रवार को जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के प्रोफेसर एवं कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजम को विश्वविद्यालय की सेवा से बर्खास्त करने के फैसले का स्वागत किया।
विश्वविद्यालय ने महिला छात्रों की ओर से लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपों की जांच के बाद यह कार्रवाई की है।
एबीवीपी की जेएनयू इकाई के अध्यक्ष मयंक पंचाल ने कहा कि अकोइजम को बर्खास्त किया जाना जवाबदेही की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि यह संगठन की उस लगातार मांग का नतीजा है, जिसमें महिला छात्रों की शिकायतों को गंभीरता से लेने और बिना देरी के उनकी जांच करने की मांग की गई थी।
संगठन ने एक बयान में कहा, ‘‘एबीवीपी के लिए महिला छात्रों की सुरक्षा, सम्मान और न्याय राजनीतिक लाभ के मुद्दे नहीं हैं, बल्कि छात्र अधिकारों और विश्वविद्यालय की जिम्मेदारी से जुड़े गंभीर विषय हैं। महिलाओं की सुरक्षा के मामले में राजनीतिक पक्षपात या दोहरे मापदंडों के बजाय न्याय, संवेदनशीलता और जवाबदेही को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।’’
एबीवीपी की जेएनयू इकाई के सचिव प्रवीण कुमार पीयूष ने कहा कि संगठन इस मामले की समयबद्ध और निष्पक्ष जांच की लगातार मांग करता रहा है। उन्होंने बताया कि संगठन ने तत्काल कार्रवाई की मांग को लेकर सितंबर में प्रदर्शन भी किया था।
पीयूष ने कहा, ‘‘हमारा दृढ़ विश्वास है कि किसी भी व्यक्ति की राजनीतिक स्थिति या प्रभाव निष्पक्ष कार्रवाई में बाधा नहीं बनना चाहिए।’’
भाषा
राखी नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.