scorecardresearch
Sunday, 28 April, 2024
होमदेशझामुमो अपने सिद्धांतों से भटक गई है, भ्रष्टाचार में लिप्त: सीता सोरेन

झामुमो अपने सिद्धांतों से भटक गई है, भ्रष्टाचार में लिप्त: सीता सोरेन

Text Size:

(तस्वीरों सहित)

रांची, 28 मार्च (भाषा) झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की भाभी सीता सोरेन ने बृहस्पतिवार को कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ‘‘अपने सिद्धांतों से भटक गई है और भ्रष्टाचार में लिप्त है’’ तथा झारखंड का विकास केवल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विचारधारा के जरिए ही संभव हो सकता है।

सीता सोरेन ने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) झारखंड की सभी 14 लोकसभा सीट पर जीत हासिल करेगी और ‘‘ अबकी बार 400 पार’’ के अपने लक्ष्य को हासिल करेगी।

सीता सोरेन 19 मार्च को भाजपा में शामिल हुई थीं। जामा से पूर्व विधायक सोरेन बृहस्पतिवार को झारखंड पहुंचीं और उन्होंने रांची में भाजपा मुख्यालय में मीडियाकर्मियों से बातचीत की।

सीता सोरेन ने कहा, ‘‘ जब तक मेरे पति दुर्गा सोरेन (अब दिवंगत) पार्टी में थे झामुमो सही दिशा में जा रही थी लेकिन अब वह अपने सिद्धांतों और नीतियों से भटक गई है। झामुमो अब दलालों के हाथों में है और भ्रष्टाचार में लिप्त है।’’

सीता सोरेन ने दावा किया कि उनके पति ने झारखंड आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी लेकिन उन्हें उचित सम्मान नहीं दिया गया।

उन्होंने कहा, ‘‘मेरे पति की मौत अब भी एक रहस्य है। मैंने उनकी मौत के मामले की लगातार जांच की मांग की लेकिन उस पर ध्यान नहीं दिया गया।’’

तीन बार की विधायक और पार्टी प्रमुख शिबू सोरेन की बड़ी पुत्रवधू सीता ने 2009 में अपने पति दुर्गा सोरेन के निधन के बाद से उन्हें झामुमो में ‘अलग-थलग’ किए जाने तथा ‘अनदेखी’ किए जाने का आरोप लगाया था और वह कुछ दिन पूर्व नयी दिल्ली में भाजपा में शामिल हो गई थीं।

भाजपा ने उन्हें दुमका लोकसभा क्षेत्र से उम्मीदवार घोषित किया है।

सीता सोरेन ने कहा कि भाजपा ने उन्हें बड़ी जिम्मेदारी दी है।

उन्होंने कहा,‘‘ मुझे पार्टी में शामिल करके एक अवसर प्रदान करने के लिए मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और गृह मंत्री अमित शाह के प्रति आभार व्यक्त करती हूं।’’

यह पूछे जाने पर कि पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन दुमका सीट से चुनाव लड़ सकते हैं सीता सोरेन ने कहा, चाहे कोई भी चुनाव लड़े उस सीट से मेरी जीत तय है। झारखंड में सभी 14 सीट पर कमल खिलेगा और यह मेरा वादा है।’’

भाषा शोभना माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments