scorecardresearch
Saturday, 7 November, 2026
होमदेशझारखंड : गिरिडीह में व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या

झारखंड : गिरिडीह में व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या

Text Size:

गिरिडीह, छह नवंबर (भाषा) झारखंड के गिरिडीह जिले में एक ट्रैवल एजेंसी से विवाद के बाद एक व्यक्ति की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि पीड़ित के माता-पिता ट्रैवल एजेंसी के जरिये उमरा करने के लिए मक्का गए थे। उसने बताया कि वारदात बृहस्पतिवार रात को राजधनवार थाना क्षेत्र में हुई।

राजधनवार थाना के प्रभारी ब्रजेश कुमार ने संवाददाताओं को बताया कि मृतक की पहचान हेरोडीह थाना क्षेत्र के चारघरा गांव निवासी मोहम्मद हैदर अली के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि शुक्रवार को पीड़ित के भाई मोहम्मद परवेज अंसारी ने आठ लोगों के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई। इन लोगों में मदीना ट्रैवल्स के संचालक मौलाना इलियास अंसारी भी शामिल है।

परवेज द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक हैदर अली के माता-पिता सात अक्टूबर को उमरा के लिए गए थे और उनका 24 अक्टूबर को वापस लौटने का कार्यक्रम था।

आरोप है कि 30,000 रुपये की अतिरिक्त रकम वसूलने के बावजूद, आरोपी उनकी वापसी का इंतजाम करने में नाकाम रहे। इसके बाद हैदर अली कई बार एक मदरसे में गए, जहां उन्हें कथित तौर पर उस ट्रैवल एजेंसी से जुड़ी संदिग्ध गतिविधियों के बारे में जानकारी मिली।

तहरीर के मुताबिक, बृहस्पतिवार को हैदर अली की इलियास अंसारी के साथ तीखी बहस हुई थी। हैदर अली ने धमकी दी कि वह पुलिस के पास जाकर उन कथित अवैध गतिविधियों का पर्दाफाश करेगा, जो धर्म के नाम पर चलाई जा रही हैं-जिनमें खाड़ी देशों में हो रहे काम भी शामिल हैं।

आरोप है कि इसके बाद इलियास अंसारी और उसके भाई सनाउल्लाह ने हैदर अली और उसके भाई पर हमला कर दिया। हैदर अली ने भागने की असफल कोशिश की।

यह भी आरोप लगाया गया कि इलियास अंसारी ने मौके पर मौजूद अन्य लोगों को उकसाया, जिसके बाद हैदर अली को पीटा गया और उसका गला घोंट दिया गया। परिवार का दावा है कि उसकी मौत मौके पर ही हो गई थी।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘मुख्य आरोपी फरार है, और हम उसे पकड़ने के लिए छापेमारी कर रहे हैं।’’

भाषा धीरज सुरेश

सुरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments