रांची/हजारीबाग, 14 मार्च (भाषा) झारखंड के रांची व हजारीबाग जिलों में शनिवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों में पांच लोगों की मौत हो गई और 14 अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि रांची जिले के टाटिसिलवे थानाक्षेत्र के मनकिदिहपा इलाके में एक स्थानीय मेले में तेज रफ्तार कार ने भीड़ को कुचल दिया, जिससे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) प्रवीण पुष्कर ने कहा, “इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई और सात अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। गाड़ी को जब्त कर लिया गया है, जबकि वाहन चालक मौके से फरार हो गया।”
टाटिसिलवे थाना प्रभारी अधिकारी हंसे ओरांव ने बताया कि मृतकों की पहचान भोला शर्मा (65) और रीमा कुमार (25) के रूप में हुई है।
वहीं, हजारीबाग जिले में एक ट्रक ने कई वाहनों को टक्कर मार दी, जिससे तीन लोगों की मौत हो गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह दुर्घटना राष्ट्रीय राजमार्ग 33 पर चरही चौक के पास उस समय हुई, जब ट्रक चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और तीन वाहनों को टक्कर मार दी।
चरही थाना प्रभारी अधिकारी कुंदन कांत विमल ने कहा, “दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि तीसरे ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। बस में सवार सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और उनका शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में इलाज जारी है।”
बिष्णुगढ़ के पुलिस क्षेत्राधिकारी बीएन प्रसाद ने बताया कि स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन करते हुए मृतकों के परिवारों के लिए मुआवजे और ट्रक चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पांच घंटे से अधिक समय तक मार्ग अवरुद्ध रखा।
उन्होंने कहा कि पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों पर विचार किया जाएगा और उन्हें सड़क खाली करने के लिए राजी किया।
भाषा जितेंद्र नेत्रपाल
नेत्रपाल
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
