scorecardresearch
Sunday, 11 October, 2026
होमदेशझारखंड: आईआईआईटी-रांची के प्रथम वर्ष के छात्र का शव छात्रावास के कमरे में फंदे से लटका मिला

झारखंड: आईआईआईटी-रांची के प्रथम वर्ष के छात्र का शव छात्रावास के कमरे में फंदे से लटका मिला

Text Size:

रांची, 11 अक्टूबर (भाषा) झारखंड की राजधानी रांची स्थित भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईआईटी) के प्रथम वर्ष के एक छात्र का शव छात्रावास के कमरे में छत से लटका मिला। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, घटना का पता शनिवार रात उस समय चला, जब छात्रावास के अन्य विद्यार्थियों ने कमरे को अंदर से बंद पाया और संस्थान प्रशासन को इसकी सूचना दी।

पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान बिहार के पूर्णिया जिले के निवासी आदित्य के रूप में हुई है।

खेलगांव थाना प्रभारी निर्भय कुमार ने बताया कि आदित्य बिहार का रहने वाला था और उसकी उम्र 19 से 20 वर्ष के बीच थी।

उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में परीक्षा के दबाव के कारण छात्र के आत्महत्या करने की आशंका जताई गई है। संस्थान में आठ अक्टूबर से परीक्षाएं शुरू हुई थीं।

पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया है। घटना के बाद संस्थान परिसर में कई छात्रों ने प्रदर्शन किया।

उन्होंने आरोप लगाया कि छात्र को समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाने के लिए कॉलेज प्रशासन जिम्मेदार है।

प्रथम वर्ष के छात्र वैभव ने मीडिया से कहा, “यह आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या का मामला है, क्योंकि छात्र उस समय जीवित था। कॉलेज प्रशासन ने अपनी जिम्मेदारी नहीं निभाई। संस्थान की एंबुलेंस के लिए चालक उपलब्ध नहीं था। कोई भी उसे अस्पताल ले जाने के लिए तैयार नहीं था। वार्डन ने हमें उसकी जान बचाने के लिए सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) देने से भी रोक दिया।”

सैकड़ों विद्यार्थियों ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और मृतक छात्र के लिए न्याय की मांग की।

भाषा जितेंद्र रंजन

रंजन

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments