देवघर, 25 अप्रैल (भाषा) झारखंड के आतंकवाद निरोधी दस्ते (एटीएस) ने देवघर से तीन लोगों को गिरफ्तार कर उनके पास से अमेरिका निर्मित एक पिस्तौल बरामद की है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि गोपनीय सूचना के आधार पर शुक्रवार को नगर थाना क्षेत्र में एक अभियान चलाया गया।
देवघर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) प्रवीण पुष्कर ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘छापेमारी के दौरान तीन लोगों को पकड़ा गया। उनके पास से सात कारतूस और दो पिस्तौल बरामद की गईं, जिनमें से एक अमेरिका निर्मित है।’’
पुलिस अधीक्षक (एटीएस) राजकुमार मेहता ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में से दो देवघर शहर के निवासी हैं और ‘‘उनका पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उनके खिलाफ बिहार के मुंगेर और जमुई जिलों के साथ-साथ झारखंड के देवघर और दुमका में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।’’
उन्होंने बताया कि मुंगेर निवासी परवेज उन्हें हथियारों की आपूर्ति कर रहा था।
अधिकारी ने बताया, ‘‘आरोपियों को विधिक कार्यवाही के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस बाद में पूछताछ के लिए हिरासत में लेने के लिए अदालत से अनुरोध करेगी।’’
भाषा सुमित धीरज
धीरज
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.