scorecardresearch
Friday, 9 October, 2026
होमदेशजेवर एयरपोर्ट का नाम होगा ‘नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट’, UP कैबिनेट का प्रस्ताव

जेवर एयरपोर्ट का नाम होगा ‘नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट’, UP कैबिनेट का प्रस्ताव

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि राज्य मंत्रिपरिषद ने जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का नाम बदलकर ‘नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट, नोएडा-जेवर’ करने का प्रस्ताव पास किया है.

Text Size:

लखनऊ: उत्तर प्रदेश मंत्रिपरिषद ने शुक्रवार को गौतम बुद्ध नगर जिले में बन रहे जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट का नाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर रखने का प्रस्ताव पास किया.

लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घोषणा की कि एयरपोर्ट का आधिकारिक नाम ‘नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट’ होगा.

यह फैसला उत्तर प्रदेश कैबिनेट की ओर से प्रधानमंत्री मोदी को सरकार के प्रमुख के तौर पर लगातार 25 साल तक सार्वजनिक सेवा करने के लिए सम्मानित करने के प्रस्ताव के साथ लिया गया है.

जेवर एयरपोर्ट का नाम बदलने की घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “उत्तर प्रदेश मंत्रिपरिषद प्रधानमंत्री की आभारी है कि उन्होंने राज्य को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) का तोहफा दिया है. यह उत्तर प्रदेश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट बनने जा रहा है और भविष्य में देश का सबसे बड़ा विमानन केंद्र भी बनेगा. इसी वजह से मंत्रिपरिषद ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का नाम बदलकर ‘नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट, नोएडा-जेवर’ करने का प्रस्ताव भी पास किया है.”

सीएम योगी ने 7 अक्टूबर को देश के इतिहास का “गौरवशाली अध्याय” बताया. इस दिन प्रधानमंत्री मोदी की मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 साल की यात्रा पूरी हुई.

उन्होंने कहा, “कैबिनेट ने यह प्रस्ताव पास किया है कि 7 अक्टूबर देश के इतिहास का एक गौरवशाली अध्याय है. उत्तर प्रदेश मंत्रिपरिषद सरकार के प्रमुख के तौर पर लगातार 25 साल तक समर्पित सेवा करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी को दिल से बधाई देती है. यह उत्तर प्रदेश के लिए खास गर्व का पल है, क्योंकि प्रधानमंत्री मोदी इसी राज्य की पवित्र धरती से देश का नेतृत्व कर रहे हैं. वह जनता के लोकप्रिय प्रतिनिधि और सांसद के रूप में भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं.”

योगी आदित्यनाथ ने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश और प्रधानमंत्री मोदी का रिश्ता बहुत निजी है. उनके नेतृत्व में राज्य विकास के एक नए दौर में पहुंचा है.

उन्होंने कहा, “उनके नेतृत्व में भारत ने अपनी सभ्यतागत विरासत को बचाते हुए दुनिया में एक नई पहचान बनाई है. इसी तरह उत्तर प्रदेश भी एक नए दौर में पहुंचा है, जहां विरासत और विकास साथ-साथ आगे बढ़ रहे हैं. प्रधानमंत्री मोदी और उत्तर प्रदेश के बीच गहरा निजी संबंध है.”

प्रधानमंत्री मोदी को ‘कर्मयोगी’ बताते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश की तरक्की और नए आत्मविश्वास का श्रेय उन्हें दिया. उन्होंने कहा कि राज्य मंत्रिपरिषद आगे भी विकास को प्राथमिकता देती रहेगी.

उन्होंने कहा, “‘कर्मयोगी’ प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश नए आत्मविश्वास के साथ हर क्षेत्र में तरक्की की नई ऊंचाइयों को छू रहा है. राज्य के विकास को लगातार प्राथमिकता देने के लिए उत्तर प्रदेश मंत्रिपरिषद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हमेशा आभारी रहेगी.”

share & View comments