जम्मू, 21 अप्रैल (भाषा) जम्मू कश्मीर पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान के तहत मंगलवार को बारामूला और अनंतनाग जिलों में दो कथित मादक पदार्थ तस्करों की 55 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बारामूला में मादक पदार्थों के एक तस्कर की 45 लाख रुपये की अचल संपत्ति जब्त की, वहीं अनंतनाग में एक अन्य मादक पदार्थ तस्कर की 10 लाख रुपये की चल संपत्ति जब्त की। अनंतनाग में यह कार्रवाई तस्कर की उधमपुर जिले में गतिविधियों को लेकर की गई।
उधमपुर पुलिस द्वारा ‘‘नशा मुक्त जम्मू कश्मीर अभियान’ के तहत यह कार्रवाई की गई और इस अभियान का लक्ष्य अवैध मादक पदार्थों के व्यापार से प्राप्त आय के जरिए से कथित रूप से अर्जित की गई संपत्तियों को निशाना बनाना था।
अधिकारियों ने बताया कि पहले मामले में पुलिस ने बारामूला जिले की हमदानिया कॉलोनी निवासी मोहम्मद रुस्तम शाह की 45 लाख रुपये की चल और अचल संपत्ति जब्त की।
जांच के दौरान पता चला कि आरोपी ने मादक पदार्थों की तस्करी से प्राप्त धन का उपयोग करके अपनी पत्नी के नाम पर पंजीकृत एक मकान और एक कार खरीदी थी।
उन्होंने बताया कि एक अलग मामले में पुलिस ने अनंतनाग जिले के देवीपोरा निवासी शाहबाज गुलजार खान की 10 लाख रुपये की चल संपत्ति जब्त कर ली है।
अधिकारियों ने बताया कि इस संपत्ति में एक बलेनो सिग्मा टैक्सी कार शामिल है। जांचकर्ताओं ने पाया कि इसे मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित धन का उपयोग करके खरीदा गया था।
भाषा यासिर पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.