जम्मू, एक फरवरी (भाषा) जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में भ्रष्टाचार रोधी ब्यूरो (एसीबी) ने ग्रामीण विकास विभाग (आरडीडी) के तहत किए गए कार्यों से जुड़े बिल तैयार करने के लिए एक ठेकेदार से रिश्वत मांगने के आरोप में रविवार को एक कनिष्ठ अभियंता को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि रियासी जिले के गुलाबगढ़-महोरे क्षेत्र में ब्लॉक विकास कार्यालय में तकनीकी सहायक के पद पर तैनात कनिष्ठ अभियंता राहुल गंडोत्रा के खिलाफ उधमपुर स्थित एसीबी थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी ने शिकायतकर्ता ठेकेदार से आरडीडी कार्यों से संबंधित बिल तैयार करने के लिए रिश्वत की मांगी थी। उन्होंने बताया कि ठेकेदार ने रिश्वत देने से इनकार कर दिया और एसीबी से संपर्क कर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई का अनुरोध किया।
अधिकारियों ने बताया, “शिकायत प्राप्त होने पर सत्यापन किया गया, जिससे लोक सेवक की ओर से रिश्वत की मांग की पुष्टि हुई। इसके बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।”
अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई, जिसने जाल बिछाकर आरोपी को शिकायतकर्ता से 8,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया।
उन्होंने बताया कि आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया और उसके पास से रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली गई।
अधिकारियों ने बताया कि एसीबी ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में जम्मू के रेहारी इलाके में आरोपी के आवास पर छापेमारी भी की।
उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत तीन अलग-अलग प्राथमिकियां उधमपुर के एसीबी थाने में दर्ज की गई हैं और उनकी जांच जारी है।
भाषा जितेंद्र पारुल
पारुल
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
