scorecardresearch
Monday, 2 March, 2026
होमदेशजम्मू-कश्मीर: डोडा में छात्रा की आत्महत्या मामले की जांच के आदेश; शिक्षक निलंबित

जम्मू-कश्मीर: डोडा में छात्रा की आत्महत्या मामले की जांच के आदेश; शिक्षक निलंबित

Text Size:

जम्मू, 21 जनवरी (भाषा) जम्मू और कश्मीर के डोडा जिले में एक छात्रा द्वारा कथित तौर पर आत्महत्या करने के बाद एक सरकारी शिक्षक को निलंबित कर दिया गया और जांच के आदेश दे दिए गए। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

डोडा के सरकारी डिग्री कॉलेज की छात्रा सबा बानो (19) ने कथित तौर पर 16 जनवरी को पुल डोडा में चिनाब नदी में छलांग लगा दी थी। उसके परिवार का दावा है कि परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन रखने के लिए उसके शिक्षकों ने उसे डांटा था।

पुलिस, स्थानीय स्वयंसेवकों और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) कर्मियों के प्रयासों के बावजूद लड़की का शव अभी तक बरामद नहीं हो सका है।

जम्मू-कश्मीर सरकार ने छात्रा की कथित आत्महत्या के बाद, वाणिज्य के सहायक प्रोफेसर मंजूर अहमद को निलंबित कर दिया है। जांच पूरी होने तक उनका निलंबन जारी रहेगा।

मंगलवार को जारी एक आदेश में, आयुक्त सचिव (उच्च शिक्षा विभाग) राम निवास शर्मा ने कहा कि निलंबित शिक्षक अगले आदेश तक कॉलेज उच्च शिक्षा निदेशालय के कार्यालय से संबद्ध रहेंगे।

सरकार ने इस घटना की जांच के लिए जम्मू-कश्मीर के कॉलेज निदेशक शेख एजाज बशीर की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय समिति का भी गठन किया है।

शर्मा ने एक अन्य आदेश में कहा कि समिति इस मामले पर सात दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।

भाषा तान्या नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments