scorecardresearch
Friday, 23 October, 2026
होमदेशजम्मू-कश्मीर : मुख्यमंत्री ने पर्यटकों को श्रीनगर के गुलदाउदी उद्यान आने का न्योता दिया

जम्मू-कश्मीर : मुख्यमंत्री ने पर्यटकों को श्रीनगर के गुलदाउदी उद्यान आने का न्योता दिया

Text Size:

श्रीनगर, 23 अक्टूबर (भाषा) जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शुक्रवार को पर्यटकों और स्थानीय लोगों को यहां गुलदाउदी उद्यान आने और यादगार पल संजोने के लिए आमंत्रित किया। यह उद्यान लगातार दूसरे वर्ष आम लोगों के लिए खोला गया है।

अब्दुल्ला ने उद्यान का उद्घाटन करने के बाद संवाददाताओं से कहा, “मैं न केवल कश्मीर आने के इच्छुक देशभर के लोगों, बल्कि श्रीनगर और आसपास के क्षेत्रों के स्थानीय निवासियों को भी यहां आने का न्योता देता हूं। मैं उन्हें इस उद्यान की खूबसूरती का आनंद लेने, कुछ तस्वीरें खींचने, यादगार पल संजोने और फिर वापस लौटने के लिए आमंत्रित करता हूं।”

उन्होंने कहा कि इस उद्यान को विकसित करने का उद्देश्य पर्यटन सीजन की शुरुआत एक ऐसे अनूठे आकर्षण के साथ करना था, जिसे पर्यटक कहीं और नहीं देख सकते।

उन्होंने कहा, “हमारा प्रयास पर्यटन सीजन को बढ़ावा देना रहा है। आपने कई वर्षों से देखा होगा कि सीजन की शुरुआत में बड़ी संख्या में लोग ट्यूलिप उद्यान देखने आते हैं।”

उन्होंने कहा, “हालांकि, इस मौसम में पर्यटकों को दिखाने के लिए हमारे पास कुछ अलग या खास नहीं था। इसलिए पुष्पकृषि विभाग ने इस गुलदाउदी उद्यान, बाग-ए-गुल-ए-दाऊद को विकसित किया।”

अब्दुल्ला ने कहा कि पिछले साल की तुलना में इस उद्यान में काफी प्रगति हुई है और इसे आगे भी विकसित किया जाता रहेगा।

उन्होंने कहा, “आगे भी हम इसे इसी तरह विकसित करते रहेंगे। इस उद्यान का एक बड़ा फायदा यह है कि ट्यूलिप उद्यान को चालू रखने के लिए हमें बार-बार विदेश से बल्ब आयात करने पड़ते हैं, जबकि बाग-ए-गुल-ए-दाऊद के पौधों की सामग्री पूरी तरह हमारी अपनी है। हम खुद ही इसका प्रवर्धन करते हैं और पौधों की संख्या बढ़ाते हैं। इसी तरह, हमारा प्रयास रहेगा कि हर साल इस उद्यान में कुछ नया शामिल किया जाए।”

भाषा तान्या नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments