scorecardresearch
Sunday, 3 May, 2026
होमदेशजयराम रमेश ने खेड़ा को अग्रिम जमानत मिलने के बाद वरिष्ठ वकील सिंघवी की प्रशंसा की

जयराम रमेश ने खेड़ा को अग्रिम जमानत मिलने के बाद वरिष्ठ वकील सिंघवी की प्रशंसा की

Text Size:

नयी दिल्ली, तीन मई (भाषा) कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने पार्टी के मीडिया और प्रचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा को मानहानि के एक मामले में अग्रिम जमानत मिलने के बाद उनकी पैरवी करने वाले पार्टी सहयोगी एवं वरिष्ठ वकील अभिषेक सिंघवी की रविवार को प्रशंसा की।

कांग्रेस महासचिव रमेश ने ये टिप्पणी इंदिरा भवन में आयोजित एक समारोह में की जिसमें पार्टी के विधि एवं मीडिया विभाग के पदाधिकारी खेड़ा का स्वागत करने के लिए मौजूद थे।

रमेश ने कहा कि वे ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संक्षिप्त शब्दों के प्रयोग से प्रभावित’’ हैं और सिंघवी का वर्णन करने के लिए एक संक्षिप्त शब्द का प्रयोग करने से खुद को रोक नहीं पा रहे।

उन्होंने कहा, ‘‘एस का अर्थ है ‘स्कॉर्ली (विद्वान), आई का अर्थ है ‘इंसीसिव’ (तेज-तर्रार), एन का अर्थ है ‘निफ्टी’ (कुशल), जी का अर्थ है ‘गिफ्टेड’ (प्रतिभाशाली), एच का अर्थ है ‘हार्डवर्किंग’ (मेहनती), वी का अर्थ है ‘वकील’ (वकील) और आई का अर्थ है ‘इंडीड’ (वास्तव में) है।’’

रमेश ने अपने संबोधन में कहा कि न्याय की लौ अब भी जल रही है।

यह समारोह असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा की पत्नी पर आरोप लगाने से संबंधित मामले में खेड़ा को उच्चतम न्यायालय द्वारा अग्रिम जमानत दिए जाने के कुछ दिनों बाद आयोजित किया गया, जिसमें न्यायालय ने कहा कि मामला राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता से उपजा प्रतीत होता है।

खेड़ा ने शर्मा की पत्नी पर कई पासपोर्ट और विदेश में अघोषित संपत्तियां होने का आरोप लगाया है।

भाषा अमित शफीक

शफीक

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments