scorecardresearch
Saturday, 10 October, 2026
होमदेश'चुनाव चोरी' के आरोप के मामले में संवैधानिक संस्था को घसीटना गलत : राहुल के दावे पर भाजपा

‘चुनाव चोरी’ के आरोप के मामले में संवैधानिक संस्था को घसीटना गलत : राहुल के दावे पर भाजपा

Text Size:

नयी दिल्ली, नौ अक्टूबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को राहुल गांधी पर ‘दुर्भावनापूर्ण राजनीति’ करने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस नेता के उस दावे को ‘झूठ’ करार दिया, जिसमें उन्होंने कहा था कि मुलाकात के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ‘चुनाव चोरी’ के आरोप को खारिज नहीं किया तथा विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के प्रतिनिधिमंडल द्वारा कही गई बातों को ‘स्वीकार’ कर लिया।

यह प्रतिक्रिया ‘इंडिया’ गठबंधन के नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल द्वारा शुक्रवार शाम राष्ट्रपति मुर्मू से मुलाकात करने और कथित ‘वोट चोरी’ के संबंध में उन्हें एक ज्ञापन सौंपने के बाद आई है।

मुलाकात के बाद गांधी ने कहा था कि वह यह देखकर हैरान रह गए कि राष्ट्रपति ने ‘चुनाव चोरी’ के आरोप को खारिज नहीं किया और विपक्षी नेताओं द्वारा कही गई बातों को ‘स्वीकार’ कर लिया।

गांधी के दावे को ‘दुर्भाग्यपूर्ण और विचित्र’ करार देते हुए भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, ‘वह झूठ बोल रहे हैं।’

उन्होंने पत्रकारों से कहा, ‘राहुल गांधी का यह दावा कि राष्ट्रपति ने उनके आरोपों को स्वीकार कर लिया, उस दुर्भावनापूर्ण चक्र को दिखाता है जिसे उन्होंने रचा है, और वह हर संवैधानिक संस्था को अपनी राजनीति का शिकार बना रहे हैं। अब ऐसा लगता है कि उन्होंने सारी हदें पार कर दी हैं।’

त्रिवेदी ने कहा कि विपक्षी प्रतिनिधिमंडल के अलावा कोई ‘अन्य व्यक्ति’ ही बता सकता है कि बैठक में असल में क्या हुआ था।

भाजपा के राज्यसभा सदस्य ने कहा, ‘राहुल गांधी जिस तरह से बोले और उनके बगल में खड़े नेताओं के हाव-भाव से साफ पता चल रहा था कि जो कहा जा रहा था, उसका शायद सच्चाई से कोई लेना-देना नहीं है। ’’

भाषा सुमित अविनाश

अविनाश

अविनाश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments