(तस्वीरों के साथ)
नयी दिल्ली, 24 अप्रैल (भाषा) भारतीय नौसेना का नौकायन प्रशिक्षण पोत आईएनएस सुदर्शनी ‘लोकयान 26’ के तहत अपनी समुद्री तैनाती के दौरान स्पेन के कैनरी द्वीपसमूह का लास पाल्मास बंदरगाह पहुंचा। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि यह यात्रा भारत और स्पेन की नौसेनाओं के बीच बढ़ते समुद्री सहयोग और जुड़ाव को रेखांकित करती है।
अधिकारियों ने कहा कि इस बंदरगाह पर जहाज का आना महत्वपूर्ण है क्योंकि यह इस द्वीपसमूह में भारतीय पोत की पहली यात्रा है।
भारतीय नौसेना के एक प्रवक्ता ने बताया कि ‘लोकयान 26’ के तहत अपनी समुद्री तैनाती के हिस्से के रूप में आईएनएस सुदर्शनी 23 अप्रैल को लास पाल्मास पहुंचा।
अब, यह जहाज लंबी अटलांटिक यात्रा करेगा और अमेरिका के 250वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के हिस्से के रूप में वहां के विभिन्न बंदरगाहों पर आयोजित ‘सेल 250’ कार्यक्रमों में भाग लेगा।
प्रवक्ता ने कहा कि जनवरी 2026 में कोच्चि से रवाना होने के बाद, आईएनएस सुदर्शनी ने ‘वसुधैव कुटुंबकम’ का संदेश फैलाते हुए ओमान, मिस्र, माल्टा, फ्रांस और मोरक्को का दौरा किया है।
भाषा नेत्रपाल अविनाश
अविनाश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.