scorecardresearch
Monday, 27 April, 2026
होमदेशडिजिटल स्वास्थ्य पर भारत का ध्यान देना दूसरों के लिए मॉडल हो सकता है: जी-20 बैठक में संरा अधिकारी

डिजिटल स्वास्थ्य पर भारत का ध्यान देना दूसरों के लिए मॉडल हो सकता है: जी-20 बैठक में संरा अधिकारी

Text Size:

पणजी, 19 अप्रैल (भाषा) संयुक्त राष्ट्र की एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को कहा कि भारत जब जी-20 की अध्यक्षता संभाल रहा है तो डिजिटल स्वास्थ्य पर उसका ध्यान देना दूसरे देशों के लिए मॉडल के तौर पर काम आ सकता है।

यूनिसेफ स्वास्थ्य कार्यक्रम में डिजिटल स्वास्थ्य और सूचना प्रणाली इकाई की वरिष्ठ स्वास्थ्य सलाहकार एवं प्रमुख डॉ कारिन कलांडर ने कहा कि भारत के डिजिटल स्वास्थ्य प्रयासों को दूसरे देशों में लागू करने की कुछ अहम रणनीतियों में एक व्यापक डिजिटल स्वास्थ्य रणनीति बनाना, एक सहायक नियामक तंत्र बनाना और सार्वजनिक-निजी साझेदारियां बनाना शामिल है।

वह यहां जी-20 के स्वास्थ्य कार्य समूह की दूसरी बैठक को संबोधित कर रही थीं।

कारिन ने कहा, ‘‘डिजिटल स्वास्थ्य में भारत की सफलता का श्रेय सुनियोजित डिजिटल स्वास्थ्य रणनीति को दिया जा सकता है जो देश की स्वास्थ्य प्राथमिकताओं के अनुरूप है। अन्य देश अपनी खुद की व्यापक डिजिटल स्वास्थ्य रणनीतियां विकसित कर इसे लागू कर सकते हैं जो उनकी विशिष्ट स्वास्थ्य जरूरतों और लक्ष्यों पर आधारित हों।’’

बयान के अनुसार भारत के डिजिटल स्वास्थ्य प्रयासों का उद्देश्य वंचित और कमजोर वर्गों तक पहुंचकर समानता और समावेश पर ध्यान देना है।

उन्होंने कहा, ‘‘डिजिटल स्वास्थ्य क्रियान्वयन में भारत की सफलताओं और चुनौतियों से सीखना महत्वपूर्ण है।’’

भाषा वैभव माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments