scorecardresearch
Sunday, 12 April, 2026
होमदेशभारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौता भारतीय किसानों को बर्बाद कर देगा : राहुल गांधी

भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौता भारतीय किसानों को बर्बाद कर देगा : राहुल गांधी

Text Size:

बरनाला (पंजाब), 28 फरवरी (भाषा) कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को दावा किया कि भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौता भारतीय किसानों को बर्बाद कर देगा।

गांधी ने पंजाब के बरनाला में ‘‘मजदूर किसान महारैली’’ को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि कृषि क्षेत्र को खोलने को लेकर असहमति के कारण यह समझौता चार महीने से रुका हुआ था।

उन्होंने कहा, ‘‘सवाल उठता है कि जो काम प्रधानमंत्री ने चार महीने तक नहीं किया, वह उन्होंने 15 मिनट में कैसे कर दिया?’’

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष गांधी ने सवाल किया कि व्यापार समझौता अचानक क्यों किया गया।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को गारंटी दी थी कि भारत हर साल नौ लाख करोड़ रुपये के अमेरिकी उत्पाद खरीदेगा।

उन्होंने कहा कि यह समझौता ‘‘भारतीय किसानों को बर्बाद कर देगा’’।

राहुल गांधी ने रैली को संबोधित करते हुए दावा किया कि हाल ही में राष्ट्रपति के अभिभाषण के बाद उन्हें लोकसभा में बोलने की अनुमति नहीं दी गई क्योंकि वह पूर्व सेना प्रमुख मनोज नरवणे के संस्मरणों पर टिप्पणी करना चाहते थे।

राहुल गांधी ने कहा कि उनका इरादा जनरल नरवणे (सेवानिवृत्त) की एक अप्रकाशित पुस्तक का उल्लेख करने का था, जिसमें, उनके (नरवणे) दावे के अनुसार, सीमा के निकट चीनी सैनिकों की गतिविधियों के दौरान राजनीतिक नेतृत्व की प्रतिक्रिया की कमी का वर्णन किया गया है।

इस अवसर पर कांग्रेस नेता के.सी. वेणुगोपाल, भूपेश बघेल, पंजाब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग, पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा, पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, गुरदासपुर से सांसद सुखजिंदर रंधावा सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।

भाषा धीरज शफीक

शफीक

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments