scorecardresearch
Friday, 23 October, 2026
होमदेशभारत ने सऊदी अरब पर हमलों की निंदा की

भारत ने सऊदी अरब पर हमलों की निंदा की

Text Size:

नयी दिल्ली, 22 अक्टूबर (भाषा) भारत ने सऊदी अरब में हाल में हुए हमलों की बृहस्पतिवार को कड़ी निंदा की। इन हमलों में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए।

भारत ने कहा कि आम नागरिकों और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को निशाना बनाकर किए जाने वाले हमले ‘पूरी तरह अस्वीकार्य’ हैं और इन्हें तत्काल रोका जाना चाहिए।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, दम्माम के किंग फहद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए, जबकि एक अन्य भारतीय सऊदी अरामको के शैबा तेल क्षेत्र पर हुए हमले में घायल हो गया।

मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘हम सऊदी अरब में आम नागरिकों और ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर लगातार हो रहे हमलों की कड़ी निंदा करते हैं, जिसमें 21 अक्टूबर को दम्मम स्थित किंग फहद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और पूर्वी प्रांत में सऊदी अरामको के शायबाह तेल क्षेत्र पर हुए हमले भी शामिल हैं।’

उसने कहा, ‘‘दुर्भाग्यवश, इन हमलों में आम नागरिकों की मौत हुई है और कई लोग घायल हुए हैं।’’

विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘‘दम्माम हवाई अड्डे पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की दुर्भाग्यवश मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए, जबकि शैबा तेल क्षेत्र पर हुए हमले में एक अन्य भारतीय नागरिक घायल हो गया।’’

मंत्रालय ने मृतक के परिवार के प्रति गहरी संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

उसने कहा कि रियाद स्थित भारतीय दूतावास सऊदी अरब के अधिकारियों के संपर्क में है और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगा।

विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘‘हम दोहराते हैं कि आम नागरिकों और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे पर हमले पूरी तरह अस्वीकार्य हैं और इन्हें तत्काल रोका जाना चाहिए।’’

मंत्रालय ने कहा, ‘‘हम सऊदी अरब की संप्रभुता की रक्षा के लिए वहां के लोगों और सरकार के साथ एकजुटता से खड़े हैं। हमें उम्मीद है कि क्षेत्र में जल्द से जल्द शांति और सामान्य स्थिति बहाल होगी।’’

भाषा

शुभम पारुल

पारुल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments