आइजोल, 14 जुलाई (भाषा) मिजोरम कोविड-19 के मामलों में वृद्धि के बीच अनुबंधित स्वास्थ्य देखभाल कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल के कारण श्रमबल की कमी से जूझ रहा है।
राज्य में 2,000 से अधिक स्वास्थ्य कर्मी सेवाओं को नियमित किए जाने, नियमित वेतन, चिकित्सा प्रतिपूर्ति और स्थानांतरण भत्ता समेत कई लाभ दिए जाने की मांग को लेकर सोमवार से हड़ताल पर हैं।
‘नेशनल हेल्थ मिशन एम्प्लॉयीज यूनियन ऑफ मिजोरम’ ने कहा कि एक दिन पहले अधिकारियों के साथ हुई बैठक में गतिरोध बने रहने के बाद हड़ताल अनिश्चितकाल तक चलेगी जबकि पहले हड़ताल बुधवार को खत्म होनी थी।
एनईयूएम के अध्यक्ष एम. हौनार ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि अगर सरकार उनकी कम से कम दो मांगों को भी मान लेती है तो वे हड़ताल खत्म कर देंगे।
उन्होंने कहा कि कई स्वास्थ्य कर्मी 20 साल से अधिक वर्षों से अनुबंध पर काम कर रहे हैं। उन्होंने सरकार से चरणबद्ध तरीके से कर्मचारियों को नियमित करने के लिए कदम उठाने का अनुरोध किया।
बहरहाल, इस पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की टिप्पणियां नहीं मिल सकी हैं।
भाषा
गोला मनीषा
मनीषा
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.