इंदौर (मध्यप्रदेश), 21 जून (भाषा) इंदौर नगर निगम के एक कर्मचारी के ठिकानों पर छापों के हफ्ते भर बाद पुलिस के आर्थिक अपराध अनुसंधान प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) ने इस सरकारी कारिंदे की बुजुर्ग सास के बैंक लॉकर से मंगलवार को 16.17 लाख रुपये के स्वर्णाभूषण और 43,000 रुपये नकदी जब्त की है।
ईओडब्ल्यू के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि आय से ज्यादा संपत्ति के आरोप में नगर निगम के दरोगा (तृतीय श्रेणी कर्मचारी) मुकेश कुमार पांडे के खिलाफ दर्ज मामले की जांच के तहत यह कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘पांडे की बुजुर्ग सास सुशीला तिवारी अपनी बेटी और दामाद के परिवार के साथ ही रहती हैं। इंदौर परस्पर सहकारी बैंक की एक स्थानीय शाखा में तिवारी के नाम से चलाए जा रहे लॉकर की तलाशी पर इसमें 16.17 लाख रुपये के सोने के जेवरात और 43,000 रुपये नकदी मिली है।’’
उन्होंने बताया कि ईओडब्ल्यू ने पांडे के ठिकानों पर 14 जून को छापा मारकर उनके परिवार की 2.25 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्तियों का खुलासा किया था जिनमें एक स्कूल भी शामिल है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि नगर निगम में अलग-अलग पदों पर काम कर चुके पांडे ईओडब्ल्यू के छापों के वक्त इस निकाय के एक अतिरिक्त आयुक्त के निजी सहायक (पीए) के रूप में पदस्थ थे।
उन्होंने बताया कि छापों के बाद नगर निगम कर्मचारी को निलंबित कर दिया गया था और उसके खिलाफ ईओडब्ल्यू की विस्तृत जांच जारी है।
भाषा हर्ष अर्पणा
अर्पणा
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
