scorecardresearch
Saturday, 25 April, 2026
होमदेशदेश के कई हिस्सों में तापमान बढ़ने पर आईएमडी ने लू संबंधी परामर्श जारी किया

देश के कई हिस्सों में तापमान बढ़ने पर आईएमडी ने लू संबंधी परामर्श जारी किया

Text Size:

नयी दिल्ली, 25 अप्रैल (भाषा) कई क्षेत्रों में तापमान बढ़ने पर भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने उष्ण लहर के संबंध में विस्तृत दिशानिर्देश और परामर्श जारी किया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

विभाग के दिशानिर्देश एवं परामर्श में धूप में, खासकर दोपहर के समय देर तक बाहर न रहने, पर्याप्त पानी एवं तरल पेय पदार्थ पीने, हल्के एवं हवादार कपड़े पहनने, अधिक गर्मी के दौरान बाहर अधिक ज्ञम वाले काम से परहेज करने जैसी बातें शामिल हैं।

आईएमडी ने बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों के लिए विशेष देखभाल की सलाह दी है।

इस संबंध में एक अधिकारी ने कहा, ‘‘विभाग ने इस बात पर जोर दिया कि गर्मी से होने वाली बीमारियों जैसे थकान एवं लू लगने से बचने के लिए प्रारंभिक जागरूकता और निवारक उपाय महत्वपूर्ण हैं।’’

मौसम विभाग ने अपने नवीनतम आकलन में कहा है कि उत्तर-पश्चिमी, मध्य और प्रायद्वीपीय भारत के कई हिस्सों में फिलहाल अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस एवं 44 डिग्री सेल्सियस के बीच है तथा राजस्थान के श्री गंगानगर में तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

कई क्षेत्रों में तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस या इससे अधिक बढ़ गया है।

अधिकारी ने कहा, “आईएमडी ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्य भारत के कुछ इलाकों में उष्ण लहर की प्रबल संभावना है।”

तटीय और पूर्वी क्षेत्रों में गर्म और उमस भरा मौसम रह सकता है, जबकि उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में रातें गर्म रहने की संभावना है।

भाषा

राजकुमार नेत्रपाल

नेत्रपाल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments