नयी दिल्ली, 29 अक्टूबर (भाषा) उत्तर पूर्वी दिल्ली के करावल नगर में अवैध रूप से मिलावटी देसी घी बनाने वाली एक इकाई का भंडाफोड़ कर 221.550 किलोग्राम संदिग्ध घी बरामद किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
उत्तर पूर्वी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त डीसीपी राहुल अलवाल ने बताया कि इस सिलसिले में एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है, जिसकी पहचान शिव विहार निवासी मोहम्मद समीर (22) के रूप में हुई है।
उनके मुताबिक, पुलिस को 28 अक्टूबर को करावल नगर इलाके में मिलावटी देसी घी के निर्माण और आपूर्ति के संबंध में गुप्त सूचना मिली थी जिसके आधार पर पुलिस टीम ने शिव विहार के फेज-10 स्थित गली नंबर 22 के एक परिसर में छापेमारी की।
डीसीपी ने बताया कि छापेमारी के दौरान मौके से मोहम्मद समीर को दबोच लिया गया और परिसर से 221.550 किलोग्राम संदिग्ध मिलावटी देसी घी के साथ-साथ इसके निर्माण में इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरण और सामग्री बरामद की गई।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में करावल नगर थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। बरामद किए गए संदिग्ध घी को इसके घटकों और खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन की जांच के लिए प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा जा रहा है।
मामले में आगे की जांच जारी है।
भाषा नोमान
वैभव
वैभव
वैभव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.