तिरुपुर (तमिलनाडु), 14 अप्रैल (भाषा) तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) अध्यक्ष विजय ने तमिलनाडु की सत्ता में आने पर किसानों के फसल ऋण माफ करने का मंगलवार को भरोसा दिया और राज्य में कथित तौर पर सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को बंद करने के मामले में एमके स्टालिन-नीत द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) सरकार की कड़ी आलोचना की।
अभिनय से राजनीति में आए विजय ने यहां आयोजित एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए वादा किया कि पांच एकड़ से कम जोत वाले छोटे किसानों का शत-प्रतिशत, जबकि पांच एकड़ से अधिक जोत वाले किसानों का 50 प्रतिशत फसल ऋण माफ किया जाएगा।
विजय ने धान के लिए 3,500 रुपये प्रति क्विंटल और गन्ने के लिए 4,500 रुपये प्रति टन न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) देने का भी वादा किया।
टीवीके संस्थापक ने आरोप लगाया कि द्रमुक शासन के दौरान कई सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) बंद हो गए और यह देश में दूसरा सबसे अधिक आंकड़ा है।
भाषा धीरज सुरेश
सुरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
