scorecardresearch
Sunday, 12 April, 2026
होमदेशसम्राट चौधरी मुख्यमंत्री बने तो मेरा समर्थन रहेगा: तेज प्रताप

सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री बने तो मेरा समर्थन रहेगा: तेज प्रताप

Text Size:

पटना, आठ अप्रैल (भाषा) बिहार के पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव ने बुधवार को कहा कि जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के अध्यक्ष नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद यदि भाजपा के वरिष्ठ नेता सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री बनते हैं, तो उन्हें उनका “समर्थन” रहेगा।

तेज प्रताप यादव ने यहां प्रेसवार्ता में नीतीश कुमार पर कटाक्ष करते हुए कहा, “शराबबंदी नीति विफल होने के कारण वह दिल्ली भाग रहे हैं।”

तेज प्रताप यादव ने अपने पिता लालू प्रसाद के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनता दल (राजद) से निष्कासित किये जाने के बाद जनशक्ति जनता दल का गठन किया था।

तेज प्रताप यादव ने दावा किया, “राजद में रहते हुए मैंने शराबबंदी का समर्थन किया होगा, लेकिन सच्चाई यह है कि शराबबंदी विफल रही है। महिलाएं भी अवैध शराब की बिक्री और सेवन में शामिल हैं। यह समझकर नीतीश दिल्ली भाग रहे हैं और मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देना चाहते हैं।”

जब उनसे पूछा गया कि क्या नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार अपने पिता के बाद सत्ता संभाल सकते हैं, तो तेज प्रताप यादव ने कहा, “वह इसके लिए बहुत अनुभवहीन हैं। वह उम्र में मुझसे बड़े हो सकते हैं, लेकिन राजनीति में अनुभव मायने रखता है। ”

वर्तमान में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का नाम मुख्यमंत्री पद के लिए चर्चा में होने पर यादव ने कहा, “अगर वह मुख्यमंत्री बनते हैं तो ठीक है। उन्हें मेरा समर्थन रहेगा।”

तेज प्रताप यादव ने सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की कथित विफलताओं को लेकर अपने छोटे भाई तेजस्वी के सोशल मीडिया अभियान पर भी असहमति जताई।

उन्होंने कहा, “हम सभी बिहार में पैदा हुए और यहीं पले-बढ़े हैं। हमें अपने गृह राज्य के बारे में हमेशा अच्छी बात करनी चाहिए, जो भले गरीब दिखता हो, लेकिन यहां दिल के अमीर लोग रहते हैं।”

तेजस्वी को हाल में राजद का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने पर तेज प्रताप ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा, “मैं अपनी पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष हूं। अगर वह मुझसे प्रेरणा ले रहे हैं, तो मुझे कोई आपत्ति नहीं है।”

भाषा कैलाश

राजकुमार

राजकुमार

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments