scorecardresearch
Thursday, 15 October, 2026
होमदेशदिल्ली के सरकारी स्कूलों में इडली-सांभर दिया जाना अब तक शुरू नहीं हुआ, उपकरणों की कमी बनी बाधा

दिल्ली के सरकारी स्कूलों में इडली-सांभर दिया जाना अब तक शुरू नहीं हुआ, उपकरणों की कमी बनी बाधा

Text Size:

नयी दिल्ली, 15 अक्टूबर (भाषा) दिल्ली के सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों के लिए प्रस्तावित इडली-सांभर मेन्यू में अब तक शामिल नहीं किया गया है। स्कूल प्रतिनिधियों ने बृहस्पतिवार को बताया कि इसे तैयार करने के लिए जरूरी उपकरणों की कमी के कारण संशोधित मेन्यू लागू नहीं हो पाया है।

शिक्षा निदेशालय (डीओई) ने अगस्त में पीएम-पोषण योजना के तहत मध्याह्न भोजन के साप्ताहिक मेन्यू में बदलाव किया था। संबंधित एजेंसियों को जरूरी उपकरणों और रसोई कर्मचारियों की व्यवस्था करने के बाद 24 अगस्त तक मेन्यू में इडली-सांभर को शामिल करने का निर्देश दिया गया था। हालांकि, स्कूलों में अब भी पुराने मेन्यू के अनुसार भोजन परोसा जा रहा है।

सरकारी स्कूलों के प्रधानाचार्यों के संगठन के एक सदस्य ने कहा कि इडली बनाने के लिए विशेष उपकरणों की जरूरत है, जो स्कूलों की रसोई में उपलब्ध नहीं हैं।

एक स्कूल प्रबंधन समिति के सदस्य ने बताया कि विद्यार्थियों को अब भी आलू-पूरी, करी-चावल, हलवा और दलिया जैसे व्यंजन दिए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि नए व्यंजन शुरू करने के लिए उपकरणों और सामग्री की व्यवस्था करने के साथ भोजन की समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करना भी चुनौतीपूर्ण है।

संशोधित छह दिवसीय मेन्यू में काले चने की तरी के साथ पूरी, इडली-सांभर, छोले और मसली हुई सब्जियों के साथ चावल, छोले के साथ पूरी, दाल-चावल और कढ़ी-चावल शामिल हैं। इसमें रागी के हलवे की जगह गेहूं के आटे और चना मसाला तथा सब्जियों वाले दलिये की जगह ज्वार और बाजरे को शामिल किया गया है।

शिक्षा निदेशालय से संशोधित मेन्यू लागू करने की स्थिति पर प्रतिक्रिया का इंतजार है।

भाषा राखी संतोष

संतोष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments