ठाणे, 25 अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे शहर में एक महिला की गला घोंटकर हत्या करने के आरोप में उसके पति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
नौपाड़ा थाने के वरिष्ठ निरीक्षक अभय महाजन ने बताया कि आरोपी नरेश कमलसिंह खड़का (32) को शुक्रवार तड़के घटना होने के 24 घंटे के भीतर नवी मुंबई के पनवेल से पकड़ लिया गया।
उन्होंने बताया कि आरोपी ने घरेलू विवाद के बाद आगाखानवाड़ी स्थित अपने घर में हीमा खड़का की कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी।
अधिकारी ने बताया कि दंपति के पड़ोसियों ने पुलिस को घटना की सूचना दी जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल ले जाया गया।
उन्होंने बताया कि हत्या के बाद नरेश मौके से फरार हो गया था लेकिन पुलिस दलों ने उसका पता लगा लिया।
महाजन ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया है और हत्या के सटीक कारण का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
भाषा सिम्मी सुरभि
सुरभि
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.