scorecardresearch
Friday, 13 November, 2026
होमदेशहिमाचल में ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फबारी, पुलिस ने परामर्श जारी किया

हिमाचल में ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फबारी, पुलिस ने परामर्श जारी किया

Text Size:

शिमला, 13 नवंबर (भाषा) हिमाचल प्रदेश के जनजातीय बहुल लाहौल और स्पीति जिले के ऊंचाई वाले इलाकों और पहाड़ी दर्रों में ताजा बर्फबारी हुई है। इससे आसपास की घाटियों में शीतलहर जैसी स्थिति पैदा हो गई है और पुलिस ने यात्रा परामर्श जारी किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बृहस्पतिवार देर रात से शिंकु ला दर्रा, बारालाचा दर्रा, कुंजुम टॉप और अन्य ऊंचाई वाले इलाकों में लगातार बर्फबारी हो रही है। मनाली के ऊंचाई वाले इलाकों में भी बर्फबारी शुरू हो गई है।

पुलिस द्वारा शुक्रवार को जारी एक परामर्श के अनुसार, लाहौल और स्पीति के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सड़कों की स्थिति वाहनों की आवाजाही के लिए असुरक्षित हो गई है। इसके चलते शिंकु ला और बारालाचा दर्रों की ओर जाने वाले यातायात को रोक दिया गया है।

कुंजुम टॉप की ओर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है जबकि छतरु की ओर जाने वाला मार्ग बंद कर दिया गया है। परामर्श में कहा गया है कि आपात स्थिति में सड़क और मौसम की परिस्थिति का आकलन करने के बाद केवल स्नो चेन (बर्फ पर चलने में सक्षम पहियों पर लगाई जाने वाली चेन) से लैस चार पहिया ड्राइव वाहनों को ही जाने की अनुमति दी जा सकती है।

बर्फबारी के कारण लाहौल और स्पीति जिले में रोहतांग को कोकसर से, दारचा को सारचू से, ग्राम्फू को बटल से, लोसर को बटल से और रोहली को कधु नाला से जोड़ने वाली सड़कें भी बंद हो गई हैं।

आम लोगों और पर्यटकों को सलाह दी गई है कि वे जिला प्रशासन और पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करें और जब तक मौसम और सड़क की स्थिति में सुधार न हो जाए, तब तक अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में जाने से बचें।

मनाली में गुलाबा के आगे वाहनों की आवाजाही को सीमित कर दिया गया है। सोशल मीडिया पर बर्फबारी के वीडियो सामने आए हैं जिससे पर्यटन उद्योग से जुड़े लोगों को पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है।

मनाली में साहसिक और रोमांचकारी पर्यटन से जुड़े मोंटी ने कहा, ‘‘मैदानी इलाकों खासकर दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के पर्यटक दिवाली के बाद बढ़े वायु प्रदूषण से बचने के लिए पहले से ही हिमाचल प्रदेश के पर्वतीय पर्यटन स्थलों का रुख कर रहे हैं। ताजा बर्फबारी से राज्य का आकर्षण और बढ़ने की उम्मीद है।’’

शिमला मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार को एक ‘येलो अलर्ट’ जारी किया था तथा शुक्रवार और शनिवार को राज्य के कुछ हिस्सों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका जताई गई थी। मौसम केंद्र ने 15 नवंबर तक बारिश का दौर जारी रहने का भी पूर्वानुमान जताया था।

भाषा सुरभि वैभव

वैभव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments