scorecardresearch
Wednesday, 25 March, 2026
होमदेशहिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव : भाजपा, कांग्रेस व आप ने तैयारियां शुरू की

हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव : भाजपा, कांग्रेस व आप ने तैयारियां शुरू की

Text Size:

(धर्मेंद्र जोशी)

शिमला, 14 अप्रैल (भाषा) हिमाचल प्रदेश में इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस अपनी-अपनी तैयारियों में जुट गई हैं। हालिया विधानसभा चुनावों में कामयाबी पाने के बाद भाजपा और आप हिमाचल प्रदेश के चुनाव में भी अपने बेहतर प्रदर्शन को दोहराने की कोशिश कर रही हैं। वहीं राज्य में पिछले साल हुए उपचुनावों में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाली कांग्रेस को उम्मीद है कि कई चुनावों में नाकामी के बाद उसके प्रदर्शन में बदलाव आएगा।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, आप नेता अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान तथा कांग्रेस नेता राजीव शुक्ला ने हाल ही में चुनाव की तैयारियों के तहत हिमाचल प्रदेश का दौरा किया। केजरीवाल 23 अप्रैल को कांगड़ा का दौरा करने वाले हैं।

सत्तारूढ़ भाजपा को उम्मीद है कि पहाड़ी राज्य में उसकी सत्ता उसी प्रकार बरकरार रहेगी जैसा पिछले महीने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मणिपुर और गोवा में उसकी सत्ता बरकरार रही।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और शिमला से सांसद सुरेश कश्यप ने पीटीआई-भाषा से कहा कि उनकी पार्टी राज्य सरकार और केंद्र द्वारा किए गए विकास कार्यों से मतदाताओं को अवगत कराएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने देश और राज्य को स्वच्छ शासन दिया है तथा उसकी दोनों सरकारें भ्रष्टाचार को ‘कतई बर्दाश्त नहीं’ करने की नीति के साथ काम कर रही हैं।

कश्यप ने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नीत सरकार ने कोविड-19 महामारी के दौरान राशन वितरण के लिए सबसे बड़ी योजना ‘गरीब कल्याण अन्न योजना’ शुरू की और इसे इस साल सितंबर तक के लिए बढ़ा दिया गया है।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने 80 करोड़ लाभार्थियों के बीच 759 मीट्रिक टन मुफ्त राशन वितरित किया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर नीत सरकार ने अब तक आठ लाख लाभार्थियों को यह राशन दिया है। उन्होंने कहा कि कोविड रोधी टीकों की 185 करोड़ खुराकें, पाकिस्तान में ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ या युद्धग्रस्त यूक्रेन से 23,000 भारतीयों की वापसी, मोदी सरकार ने हर क्षेत्र में दृढ़ संकल्प के साथ काम किया है।

कश्यप ने कहा कि नड्डा के हालिया दौरे ने राज्य में भाजपा कार्यकर्ताओं में नयी ऊर्जा भर दी है।

नड्डा नौ अप्रैल से अपने गृह राज्य के तीन दिवसीय दौरे पर थे और उन्होंने विभिन्न संगठनात्मक और सार्वजनिक कार्यक्रमों में भाग लिया। उन्होंने अपनी यात्रा के दौरान शिमला में रोड शो भी किया।

कांग्रेस को हाल ही में पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में हार का सामना करना पड़ा। उसे उम्मीद है कि वह हिमाचल प्रदेश में भाजपा से सत्ता छीनने में सफल रहेगी।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने पीटीआई-भाषा से कहा कि उनकी पार्टी अपने चुनावी अभियान के दौरान बेरोजगारी और महंगाई जैसे अहम मुद्दों को उठाएगी। उन्होंने दावा किया कि हिमाचल प्रदेश के लोग भाजपा सरकार की ‘जनविरोधी’ नीतियों से परेशान हो गए हैं और इन्हीं नीतियों के कारण देश में बेरोजगारी और महंगाई काफी बढ़ गई है।

राठौर ने कहा कि कांग्रेस ने फतेहपुर, अर्की और जुब्बल-कोटखाई की सभी तीन विधानसभा सीटों और मंडी लोकसभा सीट पर जीत हासिल की, जहां पिछले साल 30 अक्टूबर को उपचुनाव हुए थे। उन्होंने कहा कि उपचुनाव में राज्य के लोगों ने बेरोजगारी और महंगाई के मुद्दों पर मतदान किया था।

उन्होंने जोर दिया कि इसलिए कांग्रेस इन मुद्दों को अपने विधानसभा चुनाव प्रचार में उठाएगी और भाजपा से राज्य की सत्ता छीन लेगी।

पंजाब विधानसभा चुनाव में अपनी शानदार जीत के बाद हिमाचल प्रदेश में अपनी जमीन तैयार करने की कोशिश कर रही आप ने कांग्रेस की ओर से किसी भी चुनौती को खारिज कर दिया। राज्य आप के प्रवक्ता गौरव शर्मा ने दावा किया कि हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला होगा।

शर्मा ने पीटीआई-भाषा से कहा कि उनकी पार्टी भ्रष्टाचार के अलावा राज्य में स्कूलों तथा अस्पतालों के लिए बेहतर बुनियादी ढांचा मुहैया कराने के मुद्दे पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि पड़ोसी राज्य पंजाब की तरह यहां भी उनकी पार्टी सरकार बनाएगी।

आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने यहां छह अप्रैल को रोड शो किया और लोगों से आग्रह किया कि अगर वे राज्य में भ्रष्टाचार को दूर करना चाहते हैं तो वे विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी को वोट दें।

केजरीवाल ने दावा किया कि उनकी पार्टी ने पहले दिल्ली में भ्रष्टाचार को खत्म किया और मान की सरकार ने सत्ता में आने के 20 दिनों के अंदर ही पंजाब से भ्रष्टाचार का सफाया कर दिया।

भाषा

अविनाश मनीषा

मनीषा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments