scorecardresearch
Tuesday, 23 June, 2026
होमदेशपश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में गरज के साथ भारी बारिश, यातायात प्रभावित

पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में गरज के साथ भारी बारिश, यातायात प्रभावित

Text Size:

कोलकाता, 23 जून (भाषा) कोलकाता और दक्षिण बंगाल के कई जिलों में मंगलवार दोपहर गरज के साथ तेज बारिश हुई। इस दौरान कई जगहों पर पेड़ उखड़ गए, यातायात बाधित हुआ और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

दोपहर में घने बादल छाने के साथ करीब दो बजे कोलकाता में बारिश की शुरुआत हुई जिससे उमस भरी गर्मी से राहत मिली, लेकिन कई इलाकों में व्यापक व्यवधान भी पैदा हो गया।

शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया, जबकि तेज़ हवाओं के कारण एस्प्लेनेड इलाके और कलकत्ता उच्च न्यायालय के पास कई जगहों पर पेड़ उखड़ने से सड़कों पर यातायात जाम लग गया।

अधिकारियों ने बताया कि डफरिन रोड पर मूर्ति का एक अस्थायी ढांचा क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि उच्च न्यायालय परिसर में खड़ी कुछ गाड़ियों पर एक पेड़ गिर गया। कुछ जगहों पर बिजली के तार पर भी पेड़ गिर गए।

नगर निगम के कर्मचारी प्रभावित इलाकों में पहुंचे और यातायात बहाल करने के लिए गिरे हुए पेड़ों को हटाने का काम शुरू किया।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि आंधी-तूफान और बारिश से हावड़ा, हुगली, उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना और पुरुलिया ज़िले भी प्रभावित हुए।

मौसम विभाग ने कोलकाता, हावड़ा, उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, हुगली और नदिया के कुछ हिस्सों के लिए अलर्ट जारी किया। मध्यम से भारी बारिश के साथ 40–50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया गया है।

मौसम विभाग ने पुरुलिया, बांकुड़ा, पूर्वी बर्द्धमान, पश्चिम बर्द्धमान, बीरभूम, मुर्शिदाबाद और नदिया जिलों के लिए भी चेतावनी जारी की है। इन इलाकों में गरज के साथ बारिश और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया गया है।

भाषा आशीष दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments