झांसी (उप्र), 22 अक्टूबर (भाषा) झांसी जिले के मऊरानीपुर क्षेत्र में सरकारी चेक में कूटरचना कर मध्याह्न भोजन की राशि में दो लाख रुपये का गबन करने के आरोप में पूर्व माध्यमिक विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) मऊरानीपुर रत्नेश्वर सिंह ने बताया कि बौड़ा ग्राम पंचायत की प्रधान सीमा सिंह ने गत नौ अगस्त को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें गांव के पूर्व माध्यमिक विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक गोविंद दास पर सरकारी धन के गबन का आरोप लगाया गया था।
सिंह के मुताबिक, शिकायत में आरोप लगाया गया कि विद्यालय में सामान खरीदने के लिए 15 हजार रुपये का सरकारी चेक जारी किया गया था, मगर प्रधानाध्यापक ने कथित तौर पर चेक में हेराफेरी कर राशि को दो लाख 15 हजार रुपये करके बैंक से भुगतान प्राप्त कर लिया था।
शिकायत के मुताबिक इस तरह मध्याह्न भोजन से संबंधित सरकारी धन के दो लाख रुपये का कथित गबन किया गया।
सीओ ने बताया कि मामले की जांच के बाद पुलिस ने बुधवार को आरोपी को रानीपुर मार्ग से गिरफ्तार कर लिया।
उन्होंने बताया कि पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
भाषा सं. सलीम राजकुमार
राजकुमार
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.