scorecardresearch
Thursday, 22 October, 2026
होमदेशकुमारस्वामी का पत्र अभी पढ़ा नहीं है, अच्छे उद्देश्य के लिए कर्नाटक सरकार सहयोग करेगी: शिवकुमार

कुमारस्वामी का पत्र अभी पढ़ा नहीं है, अच्छे उद्देश्य के लिए कर्नाटक सरकार सहयोग करेगी: शिवकुमार

Text Size:

नयी दिल्ली, 22 अक्टूबर (भाषा) कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने बृहस्पतिवार को कहा कि उन्होंने मंड्या के लिए दो परियोजनाओं के संबंध में केंद्रीय मंत्री एच डी कुमारस्वामी के पत्र को अभी नहीं पढ़ा है।

शिवकुमार ने आश्वासन दिया कि यदि प्रस्ताव अच्छे उद्देश्य के लिए हैं, तो कर्नाटक सरकार सहयोग करेगी।

शिवकुमार ने हाल में कुमारस्वामी की आलोचना करते हुए कहा था कि केंद्रीय मंत्री बनने के बाद से वह मंड्या में एक भी उद्योग नहीं ला सके हैं।

इसके जवाब में, कुमारस्वामी ने बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री को एक पत्र लिखकर कहा कि उनके पास जिले के लिए दो परियोजनाएं- सीआईई परीक्षण केंद्र और इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) परीक्षण केंद्र- हैं, लेकिन राज्य सरकार पिछले 10 महीने से इनके लिए जमीन आवंटित नहीं कर रही है।

राष्ट्रीय राजधानी में पत्रकारों द्वारा पत्र के बारे में पूछे जाने पर शिवकुमार ने कहा कि उन्हें इसके बारे में कुछ ही मिनट पहले पता चला है। उन्होंने कहा, ‘‘यह पत्र मुझे पांच मिनट पहले ही दिया गया है।’’

जब उन्हें बताया गया कि पत्र पर 22 अक्टूबर की तारीख लिखी हुई है, तो उन्होंने कहा कि एक अधिकारी ने अभी उन्हें यह पत्र दिया है और बताया कि इसी दिन कुछ आया है।

शिवकुमार ने कहा, ‘‘मैंने अभी इसे पढ़ा नहीं है। चश्मा लगाकर देखूंगा कि उन्होंने क्या लिखा है।’’

शिवकुमार ने जनता दल (सेक्युलर) के नेता पर हल्के-फुल्के अंदाज में तंज कसते हुए कहा कि कुमारस्वामी पहले उन्हें मुख्यमंत्री के रूप में स्वीकार करने को तैयार नहीं थे, लेकिन अब उन्होंने पत्र में उन्हें ‘मुख्यमंत्री शिवकुमार’ कहकर संबोधित किया है। उन्होंने कहा, ‘‘वह पहले तो इसे स्वीकार करने को भी तैयार नहीं थे। मुझे इस बात से बहुत खुशी हुई है।’’

यह पूछे जाने पर कि क्या राज्य सरकार मांगी गई जमीन उपलब्ध कराएगी, मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘अगर यह किसी अच्छे उद्देश्य के लिए है, तो हम निश्चित रूप से सहयोग करेंगे, चाहे वह कहीं भी हो।’’

उन्होंने कहा कि वह पहले पता लगाएंगे कि जमीन उपलब्ध है या उसके अधिग्रहण की जरूरत होगी। साथ ही, वह कर्नाटक औद्योगिक क्षेत्र विकास बोर्ड (केआईएडीबी) से भी इसकी स्थिति की जानकारी लेंगे।

शिवकुमार ने कहा, ‘‘मुझे नहीं पता कि उनसे विशेष रूप से क्या अनुरोध किए गए हैं, लेकिन मैं इस मामले पर गौर करूंगा।’’

उन्होंने कहा कि वह इस बारे में उद्योग मंत्री से भी चर्चा करेंगे। शिवकुमार ने कहा, ‘‘हम इस पर चर्चा करेंगे और निश्चित रूप से जवाब देंगे।’’

भाषा अमित सुभाष

सुभाष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments