नई दिल्ली: पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शामली में जिम के बाहर यूट्यूबर और हरियाणवी गायक अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या से करीब एक घंटे पहले उसने इंस्टाग्राम पर एक रील पोस्ट की थी. इसमें वह ‘Murder Maar de Sadak ke Upar’ गाना गाते हुए दिखाई दे रहे थे.
बुधवार शाम करीब 7 बजे पुलिस को सूचना मिली कि शामली के बंटिखेड़ा गांव के रहने वाले बालियान को जिम से निकलते समय चार अज्ञात लोगों ने गोली मार दी. एक अधिकारी ने बताया कि बालियान पर 18 गोलियां चलाई गईं, जिनमें से तीन या चार उन्हें लगीं.
पुलिस के मुताबिक, सिर और पेट में गोली लगने के बाद बालियान ज़मीन पर गिर गए. उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
सूचना मिलने के बाद शामली कोतवाली थाने की टीम तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को अपने कब्ज़े में लिया और पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की.
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने दिप्रिंट को बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए टीमें बनाई गई हैं. उन्होंने कहा कि बालियान अक्सर सिटी कोतवाली पुलिस के इलाके में आने वाले आर्यपुरी ड्रेन ट्रैक के पास इस जिम में आते थे.
उन्होंने कहा, “पुलिस ने 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की जांच की है और पता चला है कि चार लोग दो बाइक पर आए थे और मौके से भाग गए. आरोपियों की पहचान करने के लिए टीमें काम कर रही हैं. पुलिस ने मौके से कुछ गोलियां और उनके खोल बरामद किए हैं और फॉरेंसिक विशेषज्ञ इनकी जांच कर रहे हैं.”
बालियान हरियाणा के सोनीपत में रहते थे, जहां वह संगीत बनाते थे. अधिकारी ने कहा, “हमें शक है कि उनकी हत्या का संबंध सोनीपत से हो सकता है. हम सोनीपत पुलिस के संपर्क में भी हैं, ताकि किसी संदिग्ध या हत्या के पीछे की वजह का पता लगाया जा सके.”
कोतवाली थाने में भारतीय न्याय संहिता की हत्या से जुड़ी धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है.
‘गोगी ग्रुप’ नाम से खुद को बताने वाले एक संगठन ने बालियान की हत्या की जिम्मेदारी ली है. शेर और बंदूक वाले निशान के साथ इंस्टाग्राम पर डाली गई एक पोस्ट में गैंग ने कहा, “आज शामली में अंकित बालियान की हत्या कर दी गई. मैं, भोलू सहापुरिया (सोनीपत), इसकी पूरी जिम्मेदारी लेता हूं.”
“Gogi_Bhai”, “Fazze_Bhai” और “Gogi_Group” नाम के दूसरे हैंडल को टैग करते हुए पोस्ट में लिखा गया, “वह (बालियान) हमारे दुश्मनों का साथ देता था. उसने हमारे गोगी भाई के साथ हुई घटना पर एक गाना बनाया था और वह अपराधों में हमारे दुश्मनों का साथ देता था. उसे इसकी सज़ा मिल गई और जो भी हमारे दुश्मनों का साथ देगा, उसका भी यही हाल होगा. यह सिर्फ शुरुआत है, सबका नंबर आएगा. इंतजार करो और देखो.”
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि पुलिस इस पोस्ट की भी जांच कर रही है. उन्होंने कहा, “अभी करीब छह से सात टीमें अलग-अलग जगहों और दिशाओं में काम कर रही हैं. तकनीकी फुटेज की जांच और जांच से जुड़े दूसरे सुरागों पर काम शुरू कर दिया गया है. एक टीम को मामले पर काम करने के लिए हरियाणा भेजा गया है, जबकि एक और बड़ी टीम दूसरे इलाकों में काम कर रही है.”
कौन थे अंकित बालियान?
बालियान शामली के बंटिखेड़ा गांव का रहने वाले थे. वह हरियाणा के सोनीपत में रहते थे, लेकिन पिछले कुछ महीनों में अपने गांव के घर वापस आ गए थे.
बालियान एक यूट्यूबर थे, जो हरियाणवी गाने बनाकर पोस्ट करते थे. इंस्टाग्राम पर उनके 4.38 लाख से ज्यादा और यूट्यूब पर 3.67 लाख फॉलोअर्स थे. वह अक्सर बंदूक और जिम कल्चर पर आधारित गाने बनाते थे.
उनका गाना ‘Bhari Court Mein Goli Maarenge’ 15 फरवरी 2023 को रिलीज हुआ था और बाद में इसे बैन कर दिया गया. बालियान के दूसरे हिट गानों में ‘Body Builder’, ‘Magazine’ और ‘Ek Khtola Jail Ke Bhitar’ शामिल हैं.
हत्या के बाद गुस्साए स्थानीय लोगों ने हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए सड़क जाम कर दी. बालियान का परिवार भी विरोध प्रदर्शन में शामिल हुआ.
समाजवादी पार्टी के प्रमुख और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने घटना की निंदा की. उन्होंने कहा कि शामली में लोकप्रिय गायक अंकित बालियान पर 18 गोलियां चलाकर जिस तरह बेरहमी से उनकी हत्या की गई, उससे पूरे इलाके में डर फैल गया है और उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह खराब हो गई है.
यादव ने कहा, “जाट समुदाय ने सड़कों पर उतरकर हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग की है. उत्तर प्रदेश का पूरा जाट समुदाय इसे अपने ऊपर हुआ हमला मान रहा है और गुस्से में है.”
उन्होंने कहा, “इस हत्या की जांच राजनीतिक दुश्मनी के नजरिए से भी करने की मांग बढ़ रही है.”
(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)