लखनऊ: नेपाल में आई बाढ़ और उससे पैदा हुई स्थिति को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार लगातार हालात पर नजर रख रही है. नेपाल में फंसे और बाढ़ से प्रभावित यूपी के नागरिकों की मदद के लिए सरकार ने राहत और बचाव की तैयारी तेज कर दी है.
नेपाल में राहत और बचाव अभियान के लिए SDRF की एक प्लाटून भेजी गई है. इसमें 32 जवान शामिल हैं, जो मौके पर राहत और बचाव के काम में जुटे हैं.
इसके अलावा PAC की 26वीं बटालियन के 22 जवानों को भी नेपाल भेजा गया है. राहत और बचाव के लिए मौके पर चार रबर बोट भी मौजूद हैं.
सरकार की ओर से अतिरिक्त SDRF प्लाटून के साथ एल्युमिनियम बोट भी नेपाल भेजी जा रही है. नेपाल के सिंधुरिया में राहत और बचाव अभियान की तैयारी की जा रही है.
नेपाल में फंसे यूपी के नागरिकों के परिजन मदद और जानकारी के लिए 1070 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं. बाढ़ प्रभावित यूपी के नागरिकों की सहायता के लिए राहत आयुक्त कार्यालय की ओर से भी जरूरी सूचना जारी की गई है.
लखनऊ स्थित राहत आयुक्त कार्यालय के कंट्रोल रूम से नेपाल की सीमा से लगे यूपी के जिलों पर लगातार नजर रखी जा रही है. नेपाल में आई बाढ़ और वहां पैदा हुई त्रासदी को लेकर यूपी सरकार लगातार स्थिति की निगरानी कर रही है और जरूरत के अनुसार राहत-बचाव के कदम उठाए जा रहे हैं.