scorecardresearch
Wednesday, 25 March, 2026
होमदेशगुवाहाटी हवाई अड्डे का नया टर्मिनल 22 फरवरी से चालू होगा: मुख्यमंत्री

गुवाहाटी हवाई अड्डे का नया टर्मिनल 22 फरवरी से चालू होगा: मुख्यमंत्री

Text Size:

गुवाहाटी, 20 फरवरी (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शुक्रवार को कहा कि गुवाहाटी हवाई अड्डे का 4,000 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नया टर्मिनल भवन 22 फरवरी से चालू हो जाएगा।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 20 दिसंबर को लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (एलजीबीआईए) के नए टर्मिनल का उद्घाटन किया था।

शर्मा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ‘कुछ ही वर्षों में एक खुले स्थान से विश्व स्तरीय ‘प्रवेश द्वार’ तक का सफर। यह परिवर्तन अधिक ‘कनेक्टेड’ और आत्मविश्वास से भरे असम के लिए एक स्पष्ट दृष्टिकोण को दर्शाता है।’

उन्होंने कहा, ‘‘आदरणीय श्री नरेन्द्र मोदी जी ने गुवाहाटी हवाई अड्डा का उद्घाटन किया था जिसका संचालन 22 फरवरी से शुरू किया जाएगा।’’

एक अधिकारी ने बताया कि मार्च तक नए टर्मिनल से घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों उड़ानें शुरू होने की संभावना है, जबकि पुराने टर्मिनल से मालवाहक विमानों का परिचालन किया जाएगा।

इस हवाई अड्डे का नाम असम के पहले मुख्यमंत्री के नाम पर रखा गया है, जिनकी 80 फुट ऊंची प्रतिमा का अनावरण भी मोदी ने टर्मिनल के बाहर किया था।

अधिकारी ने बताया कि नए टर्मिनल का क्षेत्रफल 1,40,000 वर्ग मीटर है और इसका डिजाइन असम की जैव विविधता और सांस्कृतिक विरासत से प्रेरित है।

भाषा

राखी संतोष

संतोष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments