लखनऊ, 22 अक्टूबर (भाषा) उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने बृहस्पतिवार को कानपुर नगर के स्वरूप नगर स्थित राजकीय बाल गृह (बालिका), इकाई-एक का दौरा किया और वहां रह रही बालिकाओं से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली।
‘जन भवन’ (पूर्व में राज भवन) की ओर से जारी बयान के अनुसार राज्यपाल ने बालिकाओं को शिक्षा प्राप्त करने, विभिन्न कौशल सीखने, अच्छे संस्कार अपनाने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने अधिकारियों को बालिकाओं की रुचि और क्षमता के अनुरूप प्रशिक्षण तथा रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने के निर्देश दिए।
बयान के मुताबिक, संवाद के दौरान बालिकाओं ने स्वच्छता और आरओ के माध्यम से स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सहित अन्य समस्याएं उठाईं। इसके बाद राज्यपाल ने संबंधित अधिकारियों को इन समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने को कहा।
पटेल ने कहा कि नियमित स्कूली शिक्षा के साथ कौशल विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए, ताकि बालिकाएं आत्मविश्वास के साथ भविष्य की चुनौतियों का सामना कर सकें।
बयान के मुताबिक, बालिकाओं ने जन भवन और वाटर पार्क जाने की इच्छा भी जताई, जिस पर राज्यपाल ने अधिकारियों को उनके भ्रमण की व्यवस्था करने तथा जन भवन में संचालित प्रेरणादायी गतिविधियों से उन्हें परिचित कराने के निर्देश दिए।
बयान के अनुसार, इस अवसर पर राज्यपाल ने बालिकाओं को उपहार भेंट किए और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने रसोईघर, आवासीय कक्षों और चिकित्सा कक्ष का निरीक्षण कर भोजन, आवास, स्वास्थ्य सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली।
भाषा सलीम संतोष
संतोष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.