scorecardresearch
Saturday, 7 March, 2026
होमदेशसरकार इंफाल को जोड़ने वाली रेल परियोजना समय पर पूरी करने के लिए प्रतिबद्ध: मुख्यमंत्री

सरकार इंफाल को जोड़ने वाली रेल परियोजना समय पर पूरी करने के लिए प्रतिबद्ध: मुख्यमंत्री

Text Size:

इंफाल, सात मार्च (भाषा) मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई खेमचंद सिंह ने कहा है कि उनकी सरकार राज्य की राजधानी को पूरे देश के रेल नेटवर्क से जोड़ने वाली रेलवे परियोजना को समय पर पूरा करने में हर जरूरी सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।

इंफाल को असम के कछार जिले की सीमा से सटे जिरीबाम कस्बे से जोड़ने वाली यह 111 किलोमीटर लंबी रेलवे लाइन 22,000 करोड़ रुपये से अधिक लागत की एक महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा परियोजना है। इस परियोजना के 2028 तक पूरी तरह चालू होने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री की यह टिप्पणी, शुक्रवार रात मुख्यमंत्री सचिवालय में पूर्वोत्तर सीमा रेलवे के महाप्रबंधक (निर्माण, मालीगांव) आशीष बंसल और अन्य अधिकारियों के साथ हुई बैठक के बाद आई है।

बैठक के विवरण को ‘फेसबुक’ पर साझा करते हुए सिंह ने कहा, ‘‘प्रतिनिधिमंडल ने मुझे इंफाल को जोड़ने वाली रेलवे लाइन के निर्माण की प्रगति के बारे में अवगत कराया।’’

सिंह ने कहा कि इस रेलवे लाइन के चालू होने से मणिपुर के परिवहन ढांचे को काफी मजबूती मिलेगी, संपर्क बेहतर होगा और आपूर्ति श्रृंखला अधिक प्रभावी तथा सुरक्षित बनेगी।

उन्होंने कहा, ‘‘सरकार मणिपुर की प्रगति और समृद्धि के लिए इस महत्वपूर्ण परियोजना को समय पर पूरा करने में हर जरूरी सहयोग देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परिवर्तनकारी परियोजना ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की परिकल्पना के अनुरूप हमारे लोगों के जीवन को अधिक सुगम बनाने में सहायक होगी।’’

भाषा प्रचेता सिम्मी

सिम्मी

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments