शहडोल/बिलासपुर, 19 अप्रैल (भाषा) मध्यप्रदेश के शहडोल जिले में बुधवार को एक चलती मालगाड़ी के एक खड़ी मालगाड़ी से टकराकर पटरी से उतर जाने की घटना में दो लोको पायलट समेत छह रेलकर्मी घायल हो गये। एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के एक अधिकारी ने कहा कि सिग्नल ओवरशूट के कारण यह घटना सिंहपुर स्टेशन के पास सुबह करीब छह बजकर 50 मिनट पर हुई जिससे बिलासपुर-कटनी रेल मार्ग पर यातायात बाधित हो गया।
सिंहपुर रेलवे स्टेशन बिलासपुर रेल मंडल के तहत आता है। कटनी मध्यप्रदेश और बिलासपुर पड़ोसी छत्तीसगढ़ में स्थित है।
उन्होंने कहा कि इस रूट पर चलने वाली कम से कम 10 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि इस घटना में लौह अयस्क से लदी चलती मालगाड़ी के आठ डिब्बे और एक इंजन पटरी से उतर गया।
अधिकारी ने कहा, ‘प्रारंभिक सूचना के अनुसार, दो लोको पायलटों सहित छह रेलकर्मी इस घटना में घायल हो गए।’
उन्होंने बताया कि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूत्रों के मुताबिक राहत अभियान जारी है और जल्दी ही रेल यातायात बहाल कर दिया जायेगा ।
भाषा सं दिमो रंजन
रंजन मनीषा
मनीषा
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.