scorecardresearch
Tuesday, 21 April, 2026
होमदेशदिल्ली में प्रॉपर्टी डीलर के कार्यालय पर गोलीबारी करने के आरोप में स्वर्ण पदक विजेता पहलवान गिरफ्तार

दिल्ली में प्रॉपर्टी डीलर के कार्यालय पर गोलीबारी करने के आरोप में स्वर्ण पदक विजेता पहलवान गिरफ्तार

Text Size:

नयी दिल्ली, 24 फरवरी (भाषा) पश्चिमी दिल्ली के मोहन गार्डन इलाके में एक प्रॉपर्टी डीलर के कार्यालय में गोली चलाने के आरोप में स्वर्ण पदक विजेता पहलवान को उसके एक सहयोगी के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान हरियाणा के झज्जर जिले के रहने वाले ऋतिक उर्फ पीटर बाबा और सोनीपत जिले के अंकुर के रूप में हुई है।

पुलिस उपायुक्त (द्वारका) एम. हर्षवर्धन ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ऋतिक बापरोला विहार के गंदा नाला रोड पर आने वाला है और इस बार कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया गया।

उन्होंने बताया कि उसके कब्जे से एक अत्याधुनिक पिस्तौल और दो कारतूस बरामद किये गये हैं। उन्होंने बताया कि उसकी निशानदेही पर उसके सहयोगी अंकुर को भी गिरफ्तार किया गया और उसके कब्जे से एक पिस्तौल और दो कारतूस बरामद किये गये।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने सोमवार को मोहन गार्डन इलाके में एक प्रॉपर्टी डीलर के कार्यालय में वसूली के लिए गोलीबारी की थी।

पुलिस ने बताया कि यह भी पता चला है कि ऋतिक को 2020 में संपत्ति विवाद को लेकर अपने एक रिश्तेदार पर गोली चलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

उन्होंने बताया कि 2021 में उसने अंकुर और अन्य साथियों के साथ मिलकर हरियाणा के सोनीपत के राई इलाके से एक मोटरसाइकिल लूटी थी और इसके लिए उसे गिरफ्तार किया गया था।

अंकुर ने 2013-14 की राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में कुश्ती में स्वर्ण पदक जीता था।

भाषा देवेंद्र पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments