रांची, 15 अप्रैल (भाषा) झारखंड की राजधानी रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र में छह लोगों द्वारा दो युवतियों के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए शुक्रवार तड़के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है जबकि एक की तलाश जारी है।
रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र कुमार झा ने ‘पीटीआई भाषा’ को बताया कि शिकायत के मुताबिक बृहस्पतिवार-शुक्रवार की दरमियानी रात धुर्वा थाना क्षेत्र में आधा दर्जन लोगों ने दो युवतियों से सामूहिक दुष्कर्म किया।
उन्होने बताया कि आरोपियों की चंगुल से छूटी युवतियों ने आधी रात थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी जिसके आधार पर छापेमारी कर कुछ घंटों के भीतर ही पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया जबकि छठें आरोपी की तलाश जारी है।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार पांच आरोपियों में तीन की उम्र 18 वर्ष की है।
पुलिस ने अबतक आरोपियों की पहचान सार्वजनिक नहीं की है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि युवतियों के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई और दोनों युवतियों की चिकित्सा जांच में सामूहिक दुष्कर्म की पुष्टि हो गई है।
उन्होंने बताया कि तुपुदाना इलाके की रहने वाली एक युवती अपनी ननद के घर गई हुई थी। उन्होंने बताया कि ननद ने पड़ोस के रहने वाले एक युवक के साथ युवती को बृहस्पतिवार रात वापस तुपुदाना उसके घर भेज दिया, लेकिन रास्ते में युवक ने धुर्वा थाना क्षेत्र स्थित एक सुनसान स्थान पर युवती के साथ कथित रूप से दुष्कर्म किया।
उन्होंने बताया कि इसके बाद युवक ने अपने पांच और साथियों को वहां बुला लिया और उन्होंने भी उसके साथ कथित रूप से बलात्कार किया।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि सामूहिक दुष्कर्म के बाद अपराधियों ने युवती कहा कि ‘‘तुम अपनी एक और सहेली को फोन करके यहां बुलाओ, तब तुम्हें छोड़ देंगे।’’ उन्होंने कहा कि पीड़िता ने भय के कारण अपनी एक सहेली को वहां बुला लिया जिसके बाद सभी छह आरोपियों ने उसकी सहेली के साथ भी कथित रूप से सामूहिक दुष्कर्म किया।
दुष्कर्म के बाद सभी आरोपियों ने दोनों युवतियों को छोड़ दिया और वहां से चले गये जिसके बाद दोनों पीड़िता आधी रात थाने पहुंचीं और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
रांची के नगर पुलिस अधीक्षक अंशुमन कुमार ने बताया कि पुलिस बहुत जल्द छठें आरोपी को गिरफ्तार कर लेगी। उन्होंने कहा कि इस मामले में युवती की ननद की भूमिका की भी पुलिस जांच कर रही है। अपने ननद के घर गयी पीड़ित युवती की उम्र 29 वर्ष है और उसका अपने पति से विवाद चल रहा है।
भाषा, इन्दु नेत्रपाल धीरज
धीरज
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
