scorecardresearch
Wednesday, 15 April, 2026
होमदेशदिल्ली में यमुना रिवरफ्रंट के दो प्रमुख स्थानों पर जी-20 के कार्यक्रमों का आयोजन होगा : अधिकारी

दिल्ली में यमुना रिवरफ्रंट के दो प्रमुख स्थानों पर जी-20 के कार्यक्रमों का आयोजन होगा : अधिकारी

Text Size:

नयी दिल्ली, 20 फरवरी (भाषा) दिल्ली में यमुना रिवरफ्रंट क्षेत्र में दो प्रमुख पारिस्थितिकीय स्थलों में प्रकृति और जैव विविधता के संरक्षण को बढ़ावा देने तथा स्थिरता पर जोर देने के लिए मार्च में जी-20 के कार्यक्रमों के आयोजन की संभावना है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

इस प्रभावशाली वैश्विक समूह की एक साल की अध्यक्षता के दौरान ये भारत के प्रमुख ध्यान वाले मुद्दों में है।

अधिकारियों ने कहा कि असिता पूर्व में जहां पक्षियों को निहारने (बर्डवाचिंग) के लिए एक आयोजन किया जाएगा, वहीं शहर के पहले बैंबू थीम पार्क ‘बांसेरा’ में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

भारत ने पिछले साल एक दिसंबर को जी-20 की अध्यक्षता संभाली थी। इसके तहत देशभर में 55 स्थानों पर 200 से अधिक बैठकें आयोजित की जाएंगी। सितंबर में राष्ट्रीय राजधानी में एक सम्मेलन के साथ इन बैठकों का समापन होगा।

दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) के वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि चार और 11 मार्च को संभावित जी-20 के दोनों आयोजनों के लिए तैयारियां जोरों पर हैं।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘असिता पूर्व में पहले आयोजन की योजना बनाई गयी है और दूसरा बांसेरा में होगा। दोनों कार्यक्रम प्रकृति का दर्शन कराएंगे और स्थिरता या टिकाऊपन के मूल्यों पर जोर देंगे जो भारत की जी20 की अध्यक्षता के तहत उसकी सोच के अनुरूप भी है।’’

भाषा वैभव शफीक

शफीक

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments