नयी दिल्ली, 27 सितंबर (भाषा) दिल्ली पुलिस ने 2020 के डकैती के एक मामले में वांछित 44 वर्षीय एक भगोड़े अपराधी को गिरफ्तार किया है। इस घटना में यहां एक वरिष्ठ नागरिक के घर से लगभग 20 लाख रुपये मूल्य के सोने और हीरे के आभूषण व नकदी चोरी हुई थी। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि आरोपी की पहचान नांगलोई निवासी जावेद के रूप में हुई है और उसे शुक्रवार को गुप्त सूचना मिलने के बाद सुंदर विहार से गिरफ्तार किया गया।
पश्चिम विहार वेस्ट थाने में दर्ज मामले में उसे इस साल फरवरी में भगोड़ा घोषित किया गया था, जिसके बाद से वह गिरफ्तारी से बच रहा था।
पुलिस के अनुसार, यह घटना 29 जनवरी 2020 को घटी थी। पुलिस ने बताया कि सात लोगों ने अंबिका विहार में 70 वर्षीय महिला के घर पर लूटपाट की साजिश रची थी।
उन्होंने कहा, ‘महिला के चालक राजेश द्वारा दी गई अंदरूनी जानकारी के आधार पर चार आरोपी गैस मीटर चेक करने का बहाना कर घर में घुस गए, जबकि जावेद और दो अन्य बाहर पहरा दे रहे थे। अंदर हमलावरों ने महिला और उसकी घरेलू सहायिका को रस्सियों से बांध दिया, उसे बेहोशी की दवा दी और भागने से पहले गहने और नकदी लूट लिए।’
प्रारंभिक जांच के दौरान सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया और मुकदमा शुरू हो गया।
अधिकारी ने बताया कि जावेद जमानत पर बाहर आया था और वह इस दौरान फरार हो गया और ठिकाना बदलता रहा। इसके बाद अदालत ने इसी साल 24 फरवरी को उसे भगोड़ा घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि उसकी तलाश के लिए एक टीम गठित की गई। पुलिस ने बताया कि जावेद के सुंदर विहार के एक पार्क में होने की गुप्त सूचना मिली और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ के दौरान जावेद ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।
भाषा
शुभम दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.