scorecardresearch
Thursday, 26 March, 2026
होमदेशकेरल में कंक्रीट का ‘स्लैब’ गिरने से चार मजदूरों की मौत

केरल में कंक्रीट का ‘स्लैब’ गिरने से चार मजदूरों की मौत

Text Size:

कोझिकोड, 23 फरवरी (भाषा) केरल में कोझिकोड के वलियांगडी में सोमवार को नगर निगम के स्वामित्व वाली एक इमारत में 50 मीटर लंबा कंक्रीट का ‘स्लैब’ गिरने से चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

मृतकों को पहचान जब्बार, अशरफ, बशीर और विनोद के रूप में की गई है। ये लोग वलियांगडी में कोझिकोड निगम के स्वामित्व वाली दो मंजिला इमारत में सामान लादने का काम करते थे।

पुलिस के मुताबिक, जब्बार, अशरफ और बशीर की अस्पताल ले जाते ही मौत हो गई।

विनोद की बाद में अस्पताल में मौत हो गई।

पुलिस ने कहा कि एक अन्य व्यक्ति, जिसकी पहचान अब्दुल जलील के रूप में हुई है, गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने कहा कि घटना दोपहर के समय हुई। मजदूरों पर 50 मीटर लंबा कंक्रीट का स्लैब तब गिर गया था जब वे काम करने के बाद एक बंद दुकान के सामने आराम कर रहे थे।

पुलिस और कोझिकोड नगर निगम ने घटना की जांच शुरू कर दी है।

कोझिकोड टाउन पुलिस ने घटना में अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया है।

घटना के तुरंत बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पार्षदों ने कोझिकोड नगर निगम कार्यालय और महापौर कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया।

विपक्षी दलों ने कहा कि सत्तारूढ़ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) शासित कोझिकोड नगर निगम के स्वामित्व वाली यह इमारत संचालन के लिए अनुपयुक्त थी क्योंकि इसका निर्माण 70वर्ष से भी अधिक समय पहले हुआ था।

भाजपा पार्षदों ने आरोप लगाया, ‘‘पिछली परिषद ने इमारत को रहने लायक नहीं बताया था और इसे गिराने का फैसला किया था। लेकिन इमारत में दुकानें और गोदाम अब भी संचालित हो रहे थे।’’

उन्होंने कहा कि ये मौतें नगर निगम की लापरवाही के कारण हुईं।

इन पार्षदों ने महापौर ओ सदाशिवन के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किए जाने की मांग की।

बाद में, पुलिस ने विरोध प्रदर्शन कर रहे पार्षदों को नगर निगम कार्यालय से बाहर निकाल दिया।

इसके उपरांत कांग्रेस और मुस्लिम लीग से संबद्ध यूथ लीग ने कोझिकोड निगम कार्यालय तक अलग-अलग विरोध मार्च निकाला।

पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ अलग-अलग मामले दर्ज किए।

भाषा शोभना माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments